केन्द्रीय जल संसाधन मंत्री उमा भारती आज छत्तीसगढ़ में

रायपुर 

केन्द्रीय जल संसाधन, नदी विकास तथा गंगा संरक्षण मंत्री सुश्री उमा भारती कल 20 जनवरी को छत्तीसगढ़ के एक दिवसीय प्रवास पर विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगी। सुश्री भारती सुबह 8.30 बजे अमरकंटक (मध्यप्रदेश) से कार द्वारा प्रस्थान कर सुबह 9.20 बजे पेण्ड्रारोड पहुंचेंगी। वे 9.30 बजे हेलीकॉप्टर द्वारा पेण्ड्रारोड से प्रस्थान कर सुबह 10.10 बजे रायपुर आएंगी। सुश्री उमा भारती इस दौरान राजधानी रायपुर, नया रायपुर और विकासखण्ड आरंग के ग्राम रीवां में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगी।

केन्द्रीय जल संसाधन मंत्री सुबह साढ़े दस बजे मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के साथ शासकीय कृषि महाविद्यालय के स्वामी विवेकानंद सभा गृह में आयोजित खाद्य और आजीविका सुरक्षा के लिए जल और भू-प्रबंधन पर प्रथम एशियन सम्मेलन में शामिल होंगी। वे दोपहर 12.30 बजे नया रायपुर के ग्राम तूता में राजीव गांधी राष्ट्रीय भू-जल प्रशिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान के भूमिपूजन समारोह में शामिल होंगी।
केन्द्रीय जल संसाधन मंत्री दोपहर दो बजे आरंग विकासखण्ड के रीवां में जल क्रांति अभियान का अवलोकन करेंगी। इस गांव को जल ग्राम घोषित किया गया है। सुश्री उमा भारती अपरान्ह तीन बजे राजधानी रायपुर के तेलीबांधा (जी.ई. रोड) में केन्द्रीय जल आयोग के प्रबोधन एवं मूल्यांकन निदेशालय का शुभारंभ करेंगी। समारोह की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ के जल संसाधन मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल करेंगे। कार्यक्रम में रायपुर के लोकसभा सांसद श्री रमेश बैस, जल संसाधन विभाग के संसदीय सचिव श्री तोखन साहू और केन्द्रीय जल आयोग के अध्यक्ष श्री जी.एस. झा विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। इन कार्यक्रमों के बाद सुश्री उमा भारती शाम छह बजे बिलासपुर-नागपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस से नागपुर के लिए रवाना होंगी।