जांजगीर-चांपा। जिले से बड़ी खबर है। पामगढ़–डोंगाकोहरौद मार्ग की बदहाल सड़क को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा आज सड़क पर फूट पड़ा। भारी बारिश के बीच आम जनता चक्काजाम कर प्रदर्शन कर रही है। सड़क की मांग को लगातार 5 दिनों से ग्रामीण अनिश्चित कालीन अनशन कर रहे हैं. इसमें एक बुजुर्ग की तबीयत बिगड़ गई जिसको जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। ग्रामीण पामगढ़ में बिलासपुर और शिवरीनारायण रोड जाम कर दिए जिससे वाहनों का लंबी कतार लग गई हैं।
करीब 15 सालों से जर्जर पड़ी 5 किलोमीटर की यह सड़क बारिश में तालाब में तब्दील हो जाती है। स्कूली बच्चे, मरीज और ग्रामीण जान जोखिम में डालकर आवाजाही करने को मजबूर हैं। आरोप है कि प्रशासन बार-बार सिर्फ वादों और मुआवजे का हवाला देकर जिम्मेदारी से बचता रहा।
अब ग्रामीण लिखित आश्वासन और तत्काल सड़क निर्माण की मांग पर अड़े हैं। प्रदर्शन के चलते मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप है। मौके पर प्रशासनिक अमला पहुंचने की तैयारी में है, लेकिन सवाल यही है—क्या इस बार वादों से आगे कुछ होगा?
