– नियम-कायदों को ताक पर रखकर चल रहा था अस्पताल, जांच में सामने आई गंभीर अनियमितताएं; संचालक पर कार्रवाई की तैयारी
जांजगीर। श्री मल्टी स्पेशलिटी बर्न एवं ट्रामा सेंटर की मुश्किलें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शिकायतों के बाद स्वास्थ्य विभाग की जांच में अब एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। सीएमएचओ कार्यालय के अधिकारियों की जांच में सामने आया है कि अस्पताल को महज 10 बिस्तरों की अनुमति मिली है, जबकि मौके पर 50 से 60 बिस्तरों का संचालन किया जा रहा है। यानी अनुमति से पांच से छह गुना अधिक क्षमता में अस्पताल संचालित होने का मामला सामने आया है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर स्वास्थ्य विभाग की अनुमति के बिना इतने बड़े स्तर पर अस्पताल का संचालन कैसे होता रहा? क्या अस्पताल प्रबंधन को नियम-कायदों की परवाह नहीं थी या फिर जिम्मेदार अधिकारियों की निगरानी व्यवस्था ही सवालों के घेरे में है?
लगातार मिल रही शिकायतों और जांच के बाद अस्पताल की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। अब स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों द्वारा अस्पताल संचालक के खिलाफ नियमानुसार बड़ी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू किए जाने की जानकारी सामने आ रही है।
मामले ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली को भी कटघरे में खड़ा कर दिया है। सवाल यह भी है कि यदि अनुमति केवल 10 बिस्तरों की थी, तो बाकी बिस्तरों पर मरीजों का उपचार किस आधार पर किया जा रहा था? अब देखना होगा कि विभाग सिर्फ जांच और नोटिस तक सीमित रहता है या फिर नियमों के उल्लंघन पर ठोस कार्रवाई भी करता है।
