– कागजों पर बन गई सीसी रोड, नाली और ढोढ़ी, धरातल पर एक ईंट तक नहीं लगी
– 13 अलग-अलग मदों से निकाले गए 15.14 लाख रुपये, शिकायतकर्ता सेवक राम ने खोला मोर्चा
– गबन के बाद ग्रामीणों के गुस्से से बचने के लिए सचिव उग्रसेन दास ने आनन-फानन में बदली अपनी पंचायत
अम्बिकापुर..(सीतापुर/अनिल उपाध्याय)..सरगुजा जिले के जनपद पंचायत सीतापुर अंतर्गत ग्राम पंचायत देवगढ़ में हुए 15 लाख 14 हजार 200 रुपये के कथित भ्रष्टाचार में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं।ग्रामीणों और शिकायतकर्ता सेवक राम का आरोप है कि सरपंच लीलावती और सचिव उग्रसेन दास ने मिलकर दर्जन भर से अधिक विकास कार्यों को केवल कागजों पर पूरा दिखाकर सरकारी खजाने को चूना लगाया है।सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि जब मामले की जांच में गड़बड़ी की पोल खुलने लगी तो ग्रामीणों के भारी विरोध से बचने के लिए सचिव ने अपना तबादला दूसरी पंचायत में करा लिया।
इन 13 कार्यों की आड़ में हुआ लाखों का खेल
शिकायतकर्ता सेवक राम ने सिलसिलेवार जानकारी देते हुए आरोप लगाया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 9,14,200 रुपये एवं 2025-26 6,00,000 रुपये में निम्नलिखित कार्यों के नाम पर फर्जी आहरण किया गया जबकि जमीन पर इनका कोई अस्तित्व नहीं है।उन्होंने बताया कि सीसी रोड निर्माण, मुरमिकरण कार्य,चबूतरा निर्माण और ढोढ़ी निर्माण कार्य हैंडपंप खनन व मरम्मत कार्य के नाम पर घोटाले को अंजाम दिया गया है। इसके अलावा पाइप लाइन विस्तार,नाली निर्माण कार्य, डस्टबिन खरीदी और व्यक्तिगत शौचालय निर्माण शासकीय भवन मरम्मत कार्य और महिला स्व-सहायता समूहों को दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि की आड़ में भी फर्जी तरीके से लाखों रुपए का गबन किया गया है।
जांच में खुला राज, तो सचिव ने कराया अपना तबादला
सेवक राम ने बताया कि जब इस पूरे मामले की शिकायत की गई और जांच हुई तो कागजी हेराफेरी का खुलासा हो गया। गांव में जब इस भ्रष्टाचार की भनक लगी तो ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों के कड़े विरोध और संभावित कार्रवाई के डर से सचिव उग्रसेन दास ने अपना तबादला करा लिया है। ताकि ग्रामीणों के आक्रोश से बचा जा सके।
सचिव का विवादों से है पुराना नाता, ग्रामीणों ने की संपत्ति जांच की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि सचिव पर पूर्व में भी स्वच्छ भारत अभियान के तहत शौचालय निर्माण में हितग्राहियों को झांसा देकर लाखों रुपये गबन करने के आरोप लग चुके हैं। इस संबंध में ग्रामीणों द्वारा पूर्व में की गई शिकायत के बाद होने वाली उच्चस्तरीय जांच को सचिव ने पैसे के दम पर रुकवा दिया था।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सचिव द्वारा स्वच्छ भारत अभियान की आड़ में किये गए लाखों रुपए के शौचालय घोटाला की एक बार फिर से जांच होनी चाहिए।इसके अलावा सचिव उग्रसेन दास और सरपंच लीलावती से गबन की गई राशि की वसूली की जानी चाहिए ताकि ग्राम पंचायत के विकास कार्यों में उसका सदुपयोग हो सके। इसके अलावा सचिव के आय से अधिक अर्जित चल-अचल संपत्ति की उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिये।ताकि विकास कार्यों की आड़ में फर्जी तरीके से किये जाने वाले सरकारी खजाने की लूट पर रोक लग सके।
