महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। कोमाखान थाना पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक स्विफ्ट डिजायर कार को रोककर जब उसकी तलाशी ली, तो पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। तस्करों ने कार के भीतर गांजा छिपाने के लिए विशेष रूप से दो गुप्त चैंबर बना रखे थे। पुलिस ने इन चैंबरों से 62.160 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 31 लाख रुपये आंकी गई है।
यह पूरी कार्रवाई गोयनाबाहरा ग्राम के पास की गई, जहां पुलिस टीम मुस्तैदी से वाहनों की जांच कर रही थी। पकड़े गए दोनों तस्कर मूल रूप से मध्य प्रदेश के निवासी हैं। पुलिस की कड़ी पूछताछ में यह खुलासा हुआ कि आरोपी इस खेप को भवानीपटना (ओडिशा) से लोड कर इंदौर (मध्य प्रदेश) ले जा रहे थे। पुलिस ने तस्करों के कब्जे से अवैध गांजे के साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
कोमाखान पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 20(b)(ii)(c) और 29 एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
