सारंगढ़। जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गुडेली में आज उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती ने अचानक पानी की टंकी पर चढ़कर नीचे छलांग लगा दी। हालांकि, गनीमत रही कि इस घटना में युवती बाल-बाल बच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, युवती के माता-पिता गुडेली स्थित एक क्रेशर में काम करते हैं और वह खुद भी गांव में ही रहकर अपनी पढ़ाई कर रही है। आज किसी अज्ञात कारण के चलते युवती पानी की टंकी पर जा चढ़ी और देखते ही देखते वहां से छलांग लगा दी। इस नजारे को देख आसपास मौजूद लोगों के होश उड़ गए और मौके पर देखते ही देखते भारी भीड़ जमा हो गई।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बिना किसी देरी के युवती को एक निजी वाहन की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाया। युवती ने इतना बड़ा कदम आखिर किन परिस्थितियों में उठाया, इसके पीछे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। अब मामले में आगे की जांच और कार्रवाई के बाद ही इस घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
