संसदीय सचिव के मुख्य आतिथ्य में चंदन वाटिका में पौधे लगाए गए

हरियर छत्तीसगढ़-वृक्षारोपण अभियान
संसदीय सचिव के मुख्य आतिथ्य में चंदन वाटिका में पौधे लगाए गए

जशपुरनगर  (तरुण प्रकाश शर्मा) हरियर छत्तीसगढ़ के तहत जिला स्तरीय वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम ग्राम पंचायत गम्हरिया के सूखा पोखर में आयोजित किया गया। यहां संसदीय सचिव एवं पत्थलगांव विधायक शिवशंकर साय पैंकरा के मुख्य आतिथ्य में जन प्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, अधिकारियों और आम जन ने पौधे लगाए। इस स्थान को चंदन वाटिका के रूप में विकसित किया जा रहा है। इस अवसर पर यहां 2 हेक्टेयर में 1100 चंदन के पौधे और 1100 शीशम के पौधे यहां लगाए गए हैं। इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्री पैंकरा ने कहा मुख्यमंत्री डाॅ. रमन सिंह के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में 8 करोड़ पौधे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संतुलन को बनाए रखना महत्वपूर्ण है। इसके अभाव में भूजल स्तर कम हो रहा है। पौधे लगाने के बाद उसकी देखभाल जरूरी है।
जिला स्तरीय कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सरगुजा विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एवं जशपुर विधायक  राजशरण भगत ने जशपुर की हरियाली को बनाए रखने का आह्वान किया। उन्हांेने कहा कि जंगल से वनोपज मिलता है। इसलिए जंगल को बचाना जरूरी है। विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित कुनकुरी विधायक रोहित साय ने कहा कि पर्यावरण को संरक्षित करने के लिए सभी की सहभागिता जरूरी है। आग से जंगल को बचाएं। जंगल से वनवासियों को लघु वनोपज मिलता है। खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष कृष्णकुमार राय ने कहा कि अधिक से अधिक पौधे लगाएं। सामाजिक और अन्य कार्यक्रमों में एक दूसरे को पौघे देने की परम्परा शुरू करें।
कलेक्टर डाॅ. प्रियंका शुक्ला ने इस अवसर पर कहा कि पौधे लगाना जरूरी है, लेकिन उसे जीवित रखना सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यहां चंदन वाटिका बनाई जा रही है। ग्राम पंचायत इसकी देखभाल करे। उन्होंने बेटी के नाम से घर में पौधे लगाने का आह्वान किया। कलेक्टर ने बताया कि वृक्षारोपण के तहत विभिन्न विभागों के द्वारा वाटिकाओं का निर्माण किया जा रहा है।
इस अवसर पर जिला निगरानी और सतर्कता समिति के सदस्य  ओमप्रकाश सिन्हा, पुलिस अधीक्षक प्रशांत सिंह ठाकुर, जिला पंचायत सीईओ दीपक सोनी, डीएफओ मनोज कुमार पाण्डे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।