बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में सरकारी नियमों का उल्लंघन कर अपनी जीवित संतानों की सही जानकारी छिपाने के मामले में एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है। जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) मनीराम यादव ने वाड्रफनगर ब्लॉक के प्राथमिक शाला बुटाटांड में पदस्थ सहायक शिक्षक (एलबी) हंसराज सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। शिक्षक के खिलाफ यह सख्त कदम भर्ती नियमों और सेवा शर्तों के उल्लंघन के मामले में हुई एक उच्च स्तरीय जांच के बाद उठाया गया है।
मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए जिला शिक्षा अधिकारी मनीराम यादव ने बताया कि सहायक शिक्षक हंसराज सिंह ने शासकीय सेवा में आते समय नियमों को ताक पर रखकर अपनी जीवित संतानों की वास्तविक संख्या को छुपाया था। शासन के नियमों के अनुसार, जनवरी 2001 के बाद शासकीय सेवा में आने वाले किसी भी अभ्यर्थी की दो से अधिक जीवित संतानें नहीं होनी चाहिए। इसके विपरीत, मई 2009 में नियुक्त हुए सहायक शिक्षक हंसराज सिंह की नियुक्ति से पहले ही चार जीवित संतानें थीं।
विभाग को इस बात की शिकायत मिलने के बाद मामले की गंभीरता से जांच की जा रही थी। जांच रिपोर्ट में नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने के बाद अब विभाग ने शिक्षक पर निलंबन की गाज गिरा दी है। निलंबन अवधि में शिक्षक का मुख्यालय निर्धारित कर आगे की विभागीय कार्रवाई की जा रही है।
