कांग्रेस में बगावत : प्रदेश अध्यक्ष ने दिया इस्तीफ़ा, 8 कांग्रेसी विधायक थामेंगे BJP का दामन

मणिपुर में कांग्रेस पार्टी को बड़ा सियासी झटका लगा है। मणिपुर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (MPCC) अध्यक्ष गोविंदास कोंथोजम ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। वहीं समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक कांग्रेस पार्टी से बगावत कर 8 विधायक भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो सकते हैं।

यह कांग्रेस के लिए मणिपुर में बड़ा झटका साबित हो सकता है। कांग्रेस पार्टी मणिपुर में अपनी जमीन जमाने की कोशिशों में भले ही जुटी हो, लेकिन बीजेपी में विधायकों के शामिल होने की खबरों के बीच जाहिर तौर पर पार्टी नेतृत्व के लिए बड़ा संकट पैदा हो सकता है।

गोंविदास कोंथोजम लगातार 6 बार से मणिपुर की विष्णुपुर विधानसभा सीट से जीत हासिल कर रहे हैं। उनकी गिनती राज्य के दिग्गज नेताओं में होती है। वे पार्टी के विधानसभा में चीफ व्हिप भी हैं, वहीं मणिपुर सरकार में कैबिनेट मंत्री भी रह चुके हैं। उनका इस्तीफा भी कांग्रेस के लिए खतरे की आहट है।

दरअसल मणिपुर विधानसभा चुनाव भी 2022 में होने वाले हैं। ऐसे में बीजेपी लगातार अपने पांव मजबूत करने की कोशिशों में जुटी है। यही वजह है कि जून महीने में ही भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मणिपुर के प्रदेश अध्यक्ष के पद में बदलाव किया था। बीजेपी की कोशिश है कि सत्ता एक बार फिर बीजेपी के हाथ में ही रहे।