ठग गिरोह का सरगना नाइजीरियन गिरफ्तार, सोशल मीडिया के जरिए विदेशी महिला बन करता था ठगी, लाखों रुपये ऐठ चुका है आरोपी

मध्यप्रदेश के भोपाल क्राइम ब्रांच ने ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोह के सरगना नाइजीरियन को नोएडा से गिरफ्तार किया है। बता दें कि गिरोह के तीन सदस्य के पहले ही जनवरी में पकड़े जा चुके है। आरोपी सोशल मीडिया पर विदेशी महिला के नाम से दोस्ती कर ठगी का गिरोह चला रहा था। उसने भोपाल के एक युवक से 11.22 लाख रुपए की ठगी की थी। सरगना ने दोस्ती कर महंगा गिफ्ट भेजने का झांसा देकर फंसाया था।

एएसपी के मुताबिक भोपाल में रहने वाले पवन अग्रवाल ने 1 जनवरी को शिकायत की थी। उन्होंने बताया, उनकी फेसबुक पर विदेशी महिला से दोस्ती हुई थी। आरोपी महिला ने कहा कि वह उसे क्रिसमस गिफ्ट भेज रही है। उसे वह एयरपोर्ट पर कस्टम से छुड़ा लें। उसके बाद उसने बताया कि कस्टम में वह फंस गया है।

इसे छुड़ाने के लिए रुपए देना होगा। ऐसे करके उसने 11 लाख 22 हजार 844 रुपए उससे ऐंठ लिए। आरोपी का फोन बंद होने के बाद पवन ने मामले की शिकायती साइबर क्राइम से की। साइबर क्राइम ने तीन आरोपियों को पकड़ लिया था, लेकिन सरगना मुईट उर्फ अजीज मुईउद्दीन फरार हो गया था।

साइबर क्राइम पुलिस लगातार आरोपी के बारे में जानकारी जुटा रही थी। पकड़े गए उसके तीन साथियों से पूछताछ और अन्य कोशिशों के बाद शनिवार को टीम ने नाइजीरियन को नोएडा से गिरफ्तार किया गया है। मुईट उर्फ अजीज विजनेस बीजा पर भारत आया था। और अन्य नाइजीरियन सहयोगियों के साथ साइबर ठगी कर रहा था। आरोपी के पास से लैपटॉप, मोबाइल, बैंक पासबुक, एटीएम और सिमकार्ड बरामद किए गए है।