हिट एंड रन केस: तेज रफ्तार कार ने पांच स्टूडेंट्स को रौंदा, एक इंजिनियरिंग के छात्र की मौत, 4 गंभीर

नोएडा। उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में शनिवार देर रात तेज रफ्तार कार ने पांच छात्रों को कुचल दिया। घटना में एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार गंभीर रुप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां चारों की हालत नाजुक बताई जा रही हैं। सभी छात्र ग्रेटर नोएडा अलग अलग कॉलेज के स्टूडेंट्स है।

जानकारी के अनुसार, बीटा—2 कोतवाली एरिया के रेयान गोलचक्कर के पास शनिवार रात करीब 11 बजे कुछ छात्र रेस्टोरेंट में खाना खाकर लौट रहे थे। जब ये रेयान गोलचक्कर के पास पहुंचे। उसी दौरान रोड क्रास करते समय एक तेज रफ्तार में कार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।

हादसे में पांच छात्र गंभीर रुप से घायल हो गए। उपचार के दौरान 23 वर्षीय आयुष शर्मा को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक गलगोटिया यूनिवर्सिटी में बीटेक का छात्र था और मूलरूप से आगरा के शाहगंज का रहने वाला था। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए हैं।

इस हादसे में घायल हुए चार अन्य छात्रों का इलाज ग्रेटर नोएडा के कैलाश अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने घायलों के नाम अंजली यादव, आदित्य, ईशा और वैष्णवी बताया है। पुलिस का कहना है कि सभी छात्र गलगोटिया यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रहे हैं। डॉक्टर घायल छात्रों की हालत नाजुक बता रहे है।