लॉकडाउन में बेरोजगार होने के बाद बेचने लगा नशा.. पुलिस ने किया गिरफ्तार

देहरादून। लॉकडाउन में बेरोजगार होने के बाद एक युवक ने कमाई के लिए नशे का धंधा अपना लिया। हालांकि चंद दिनों में ही युवक पुलिस हत्थे चढ़ गया। आरोपी के पास से कुल 420 ग्राम चरस बरामद हुई है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

इंस्पेक्टर नेहरू कॉलोनी राकेश गुसाईं ने बताया कि ऑपरेशन सत्य के तहत पुलिस कार्रवाई कर रही है। इस संबंध में लोग भी पुलिस को सूचना दे रहे हैं। इसके अलावा मुखबिर तंत्र से भी पुलिस को काफी जानकारी मिल रही है।

इसी क्रम में देर रात चेकिंग के दौरान एक स्कूटर सवार संदिग्ध को रोका गया तो वह पुलिस को देखकर सकपकाने लगा। इस पर उसे घेराबंदी करते हुए पकड़ा गया। स्कूटर की तलाशी से चरस बरामद हुई। आरोपी का नाम पंकज भट्ट निवासी बलुवाकोट पिथौरागढ़ है। वह पहले एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था। लॉकडाउन में नौकरी छूट गई थी। इसके बाद वह चरस आदि बेचने वालों के संपर्क में आया। आरोपी ने एक-दो बार पहले भी नशा बेचा है। पुलिस उसके साथियों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।