पति को बंधक बनाकर 17 लोगों ने महिला से किया गैंगरेप, बाज़ार से लौट रहे थे दंपति

दुमका। झारखंड के दुमका से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक मंगलवार रात एक 5 बच्चों की मां के साथ 17 लोगों ने गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि महिला अपने पति के साथ बाजार से घर लौट रही थी तभी अचानक कुछ बदमाशों ने महिला के पति को बंधक बनाया फिर उसके साथ गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया गया। मामले में पुलिस ने पीड़िता का बयान भी दर्ज कर लिया गया। वहीं बयान के आधार पर बुधवार को पुलिस ने मुख्य आरोपी राम मोहली समेत 17 लोगों पर एफआईआर दर्ज कर जांच भी शुरू कर दी है।

गैंगरेप पीड़िता के पति ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि गांव में हर मंगलवार बाजार लगता है जहां वो अपनी पत्नी के साथ गया था। बाजार के बाद जब वह घर लौट रहा था तभी रास्ते में क़रीब 17 लड़के खड़े हुए थे। पति ने बताया कि सभी नशे से धुत थे। उसने बताया कि उन लड़कों में से पांच ने उसे और दो लड़कों ने उसकी पत्नी को पकड़ लिया। जिसके बाद वो लड़के पत्नी को उठाकर झाड़ियों में ले गये जहां सभी ने बारी बारी से महिला के साथ देर रात 12 बजे तक गैंगरेप किया।

वहीं घटना के बारे में किसी को जानकारी ना देने की धमकी देकर सभी लड़के घटनास्थल से फरार हो गए। मामले में पुलिस ने बताया है कि जांच चल रही है। इसके अलावा एक आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ जारी है। हालांकि पुलिस की तरफ से इस मामले को संदेहास्पद बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि इस पूरे मामले की छानबीन की जा रही है।