सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले अंतर्गत बिश्रामपुर थाना क्षेत्र के केशवनगर में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। स्कूल में आयोजित पैरेंट्स मीटिंग से पिता के साथ बाइक पर घर लौट रही 13 वर्षीय मासूम बच्ची को गिट्टी लदे ट्रैक्टर ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में ट्रैक्टर का पिछला पहिया सिर पर चढ़ जाने के कारण बच्ची की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, सूरजपुर जिला मुख्यालय के नवापारा निवासी पंकज जैन अपनी 13 वर्षीय बेटी रिद्धिमा के साथ स्कूल की पैरेंट्स मीटिंग में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद दोनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान बिश्रामपुर से सूरजपुर मार्ग पर केशवनगर के समीप आगे चल रहे गिट्टी लोड ट्रैक्टर के चालक ने अचानक और लापरवाहीपूर्वक वाहन मोड़ दिया। अचानक हुए इस मोड़ से बाइक असंतुलित हो गई और रिद्धिमा सीधे ट्रैक्टर के पहिए के नीचे आ गई।
हादसा इतना भीषण था कि मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों की रूह कांप उठी। घटना के तुरंत बाद सड़क पर चीख-पुकार मच गई और भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही बिश्रामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा व पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर फरार चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
