महासमुंद। जिले के बसना थाना क्षेत्र अंतर्गत भंवरपुर चौकी स्थित शासकीय प्राथमिक शाला मुड़ीडीह में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। स्कूल परिसर में लगे पेड़ पर साड़ी बांधकर झूला झूल रहे कक्षा चौथी के एक मासूम छात्र की गले में फंदा कसने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के समय स्कूल में किसी भी शिक्षक की मौजूदगी न होने से प्रबंधन की भारी लापरवाही उजागर हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 9 बजे रोज की तरह करीब दस बच्चे स्कूल परिसर में पहुंचे थे। परिसर में स्थित पेड़ पर साड़ी का झूला बंधा हुआ था, जिस पर बच्चे बारी-बारी से खेल रहे थे। इसी दौरान चौथी कक्षा का छात्र जब झूला झूल रहा था, तभी अचानक उसका पैर फिसल गया। संतुलन बिगड़ने से झूले की साड़ी सीधे छात्र के गले में लिपट गई और फंदे की तरह कस गई। जब तक साथी बच्चे कुछ समझ पाते, मासूम की मौके पर ही सांसें थम गईं।
हैरान करने वाली बात यह रही कि सुबह स्कूल खुलने के समय परिसर में कोई भी शिक्षक मौजूद नहीं था, जिसके चलते बच्चों को समय पर मदद या निगरानी नहीं मिल सकी। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त हो गया। सूचना मिलते ही बसना पुलिस और भंवरपुर चौकी की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मर्ग कायम कर स्कूल स्टाफ की गैर-हाजिरी और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
