जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध धार्मिक नगरी शिवरीनारायण में आयोजित दुर्गा उत्सव मेले की रौनक गुरुवार रात अचानक चीख-पुकार और दहशत में बदल गई। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच असामाजिक तत्वों ने दो युवकों पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां एक की हालत नाजुक बनी हुई है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मौके से चार संदिग्धों को दबोच लिया है।
वारदात का शिकार हुए ग्राम खपरीडीह निवासी क्रेमराज यादव और उनका मित्र करण यादव मेले का आनंद लेने पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भीड़भाड़ के बीच कुछ अज्ञात युवकों के साथ उनकी किसी बात पर कहासुनी शुरू हुई। बात संभलती, इससे पहले ही विवाद हिंसक हो गया और दूसरे गुट के एक युवक ने जेब से चाकू जैसा धारदार हथियार निकालकर दोनों दोस्तों पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। अचानक हुए इस हमले में क्रेमराज के सिर पर गहरा घाव लगा, जबकि करण भी चोटिल होकर गिर पड़ा। बीच मेले में लहुलूहान युवकों को देख वहां भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
घटना की सूचना पर शिवरीनारायण थाना पुलिस ने मोर्चा संभाला और घायल युवकों को तत्काल निजी अस्पताल भिजवाया। डॉक्टरों की देखरेख में दोनों का उपचार जारी है, जिसमें क्रेमराज की स्थिति पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर चार संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है, जिनसे विवाद के मूल कारणों और हमले में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी को लेकर कड़ी पूछताछ की जा रही है।
श्रद्धा और आस्था के प्रमुख केंद्र शिवरीनारायण में, जहां उत्सव के दौरान दूर-दराज से परिवार और दर्शनार्थी पहुंचते हैं, वहां खुलेआम धारदार हथियार लहराने और हमले की इस घटना ने मेला परिसर की चाक-चौबंद सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस प्रशासन ने मामले में वैधानिक धाराओं के तहत जुर्म दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
