– ड्राइंग-डिजाइन बनाने वाले इंजीनियरों की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
जांजगीर-चांपा। जिला मुख्यालय स्थित कलेक्टोरेट भवन में वर्षों बाद प्रथम तल का निर्माण कराया गया, ताकि विभिन्न विभागों के कार्यालयों को एक ही छत के नीचे संचालित किया जा सके। लेकिन इस नई बिल्डिंग में निर्माण के साथ ही ऐसी खामी सामने आ रही है, जिसने भवन की डिजाइन और प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां महिला जिला अधिकारियों के चेंबर में अटैच टॉयलेट की व्यवस्था ही नहीं की गई है। यानी जिस भवन में बैठकर महिला अधिकारी प्रशासनिक कामकाज संभालेंगी, वहां उन्हें शौचालय जैसी बुनियादी सुविधा के लिए भी अपने चेंबर से बाहर निकलकर सार्वजनिक शौचालय का सहारा लेना पड़ेगा।
हैरानी की बात यह है कि प्रथम तल पर सार्वजनिक शौचालय का निर्माण तो कराया गया है, लेकिन महिला अधिकारियों के व्यक्तिगत चेंबर के साथ अटैच टॉयलेट की आवश्यकता को नजरअंदाज कर दिया गया। वर्तमान में जिला मुख्यालय के अलग-अलग स्थानों पर संचालित कुछ विभागों के कार्यालयों को कलेक्टोरेट के प्रथम तल पर शिफ्ट करने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। ऐसे में यहां पदस्थ होने वाली महिला अधिकारियों को रोजाना इस अव्यवस्था का सामना करना पड़ सकता है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब भवन का ड्राइंग-डिजाइन तैयार किया जा रहा था, तब क्या महिला अधिकारियों की जरूरतों को ध्यान में नहीं रखा गया? निर्माण कार्य की निगरानी करने वाले इंजीनियरों और जिम्मेदार अधिकारियों की नजर इस महत्वपूर्ण कमी पर क्यों नहीं पड़ी? क्या भवन निर्माण के दौरान केवल कमरों और दीवारों का हिसाब लगाया गया, सुविधाओं और उपयोगिता की अनदेखी कर दी गई?
महिला अधिकारियों के लिए कार्यस्थल पर सुरक्षित, सुविधाजनक और सम्मानजनक शौचालय की व्यवस्था कोई अतिरिक्त सुविधा नहीं, बल्कि बुनियादी आवश्यकता है। ऐसे में जिला प्रशासन के मुख्य कार्यालय परिसर में ही इस तरह की कमी सामने आना निर्माण की गुणवत्ता से ज्यादा उसकी योजना और दूरदर्शिता पर सवाल खड़े करता है।
अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस गंभीर कमी को दूर करने के लिए क्या कदम उठाता है या फिर महिला अधिकारियों को नई बिल्डिंग में बैठकर भी पुरानी अव्यवस्थाओं का सामना करना पड़ता हैं।
पानी के लिए कैंटीन का सहारा
कलेक्टोरेट भवन के नवनिर्मित प्रथम तल पर विभिन्न विभागों के कार्यालय तो शिफ्ट किए जा रहे हैं, लेकिन यहां बुनियादी सुविधाओं की भारी कमी सामने आ रही है। प्रथम तल के कई विभागों में पेयजल की व्यवस्था नहीं होने से अधिकारी-कर्मचारियों को पानी के लिए कैंटीन पर निर्भर रहना पड़ रहा है।
