सूरजपुर। उद्घाटन की चमक अभी फीकी भी नहीं पड़ी थी कि छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में हाल ही में खुला विशाल मेगा मार्ट गंभीर विवाद में घिर गया। यहां शॉपिंग करने पहुंची एक युवती ने पास्ता का पैकेट उठाकर गौर से देखा तो उसके होश उड़ गए। पैकेट के भीतर कीड़े रेंग रहे थे।
ग्राहक का आरोप है कि शिकायत करने पर भी मार्ट के कर्मचारी ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। काउंटर पर मौजूद कर्मचारी ने पैकेट हटाने की बात तो कही, लेकिन उसे हटाने के बजाय दूसरी जगह रखकर ऊपर से और पैकेट रख दिए। इस लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए युवती ने कहा कि यह सीधे-सीधे लोगों की जान से खिलवाड़ है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
मार्ट प्रबंधन से निराश ग्राहक ने फोन के जरिए सीधे कलेक्टर को शिकायत की। इसके बाद कलेक्टर के आदेश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम तुरंत मार्ट में पहुंची और दबिश दी। जांच के दौरान कई पैकेटों में कीड़े साफ नजर आए। मौके पर मौजूद खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने भी माना कि खाद्य सामग्री में इस तरह कीड़े मिलना अस्वीकार्य है और ऐसा कतई नहीं होना चाहिए।
टीम ने संदिग्ध स्टॉक को सील कर जब्त कर लिया है और जांच के लिए नमूने लिए हैं, जिन्हें परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। लैब रिपोर्ट आने के बाद मार्ट प्रबंधन के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।
