अम्बिकापुर। सरगुजा जिला मुख्यालय अम्बिकापुर शहर के सरगवां स्थित बिरला ओपन माइंड्स इंटरनेशनल स्कूल एक बार फिर गंभीर विवादों के घेरे में है। स्कूल प्रबंधन की कथित मनमानी और लापरवाही के चलते यहां के हॉस्टल में रह रहे 9वीं कक्षा के एक छात्र ने रविवार शाम दूसरी मंजिल के रोशनदान से छलांग लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। गनीमत रही कि छात्र की जान बच गई, लेकिन हाथ-पैर में गंभीर चोटें आने के कारण नाजुक हालत में उसे इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया है। इस मामले में परिजनों की शिकायत पर गांधीनगर पुलिस ने स्कूल के असिस्टेंट डायरेक्टर सूरज मित्तल, मार्केटिंग हेड उत्कर्ष, हॉस्टल अधीक्षक अवधेश शर्मा और एचआर कुणाल के खिलाफ बीएनएस की धारा 75 (जेजे एक्ट) के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के मुताबिक, बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के चलगली निवासी यह छात्र अंबिकापुर स्थित बिरला स्कूल के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था। वह किसी कारणवश हॉस्टल में नहीं रहना चाहता था और लगातार घर जाने की जिद कर रहा था। इसी नाराजगी के चलते 22 नवंबर की दोपहर वह हॉस्टल से भाग निकला था। स्कूल प्रबंधन ने उसे ढूंढकर वापस तो लाया, लेकिन इस घटना की भनक उसके परिजनों को नहीं लगने दी। हद तो तब हो गई जब छात्र के स्थानीय रिश्तेदार उसे लेने स्कूल पहुंचे, तो प्रबंधन ने बच्चे को उनके सुपुर्द करने से साफ इनकार कर दिया और उसे सख्ती के साथ वापस हॉस्टल में बंद कर दिया। प्रबंधन के इस रवैये से क्षुब्ध होकर छात्र ने रविवार शाम को ही हॉस्टल की दूसरी मंजिल स्थित रोशनदान से नीचे छलांग लगा दी।
घटना की सूचना मिलते ही बदहवास परिजन अम्बिकापुर पहुंचे और घायल बेटे को बेहतर इलाज के लिए तत्काल बनारस ले गए, जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। गौरतलब है कि बिरला ओपन माइंड्स स्कूल का विवादों से पुराना नाता रहा है। महज 5 महीने पहले ही यहां की एक शिक्षिका ने आपसी झगड़े के बाद एक छात्र को सजा के तौर पर हिंदी और अंग्रेजी में 100-100 बार मां की गाली लिखने का फरमान सुनाया था। इस शर्मनाक मामले के तूल पकड़ने के बाद शिक्षिका को निलंबित करना पड़ा था, और अब इस ताजा घटना ने स्कूल में बच्चों की सुरक्षा और प्रबंधन की कार्यशैली पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
