रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने वरिष्ठ आदिवासी नेता और पूर्व सांसद नंदकुमार साय के स्वास्थ्य के प्रति गहरी संवेदनशीलता दिखाते हुए उनके बेहतर उपचार की पहल की है। पैर में चोट लगने के कारण अस्वस्थ चल रहे नंदकुमार साय को मुख्यमंत्री जशपुर स्थित उनके गृह ग्राम से अपने साथ हेलीकॉप्टर में रायपुर लेकर आए हैं।
सोमवार को राजधानी रायपुर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने इस संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दो दिन पूर्व फिसलकर गिरने की वजह से नंदकुमार साय के पैर में चोट लग गई थी। मुख्यमंत्री ने कहा, “कल जशपुर प्रवास के दौरान मुझे उनके निवास के समीप ही एक कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिला। इस दौरान मैं रात में उनके घर गया और उनका हालचाल जाना।”
मुख्यमंत्री ने आगे बताया कि पैर की चोट के कारण श्री साय को चलने-फिरने में काफी तकलीफ हो रही थी। चूंकि आज मुख्यमंत्री को स्वयं रायपुर लौटना था, इसलिए उन्होंने नंदकुमार साय को सड़क मार्ग की थकान और असुविधा से बचाने के लिए अपने ही हेलीकॉप्टर से रायपुर लाने का निर्णय लिया। फिलहाल, श्री साय को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए रायपुर के बालाजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है।
