सीतापुर/अनिल उपाध्याय। मितानिन दिवस के अवसर पर स्थानीय एमएलए एजुकेशन कोर परिसर में विधानसभा स्तरीय भव्य मितानिन सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।विधायक रामकुमार टोप्पो की विशेष पहल पर इस वर्ष मितानिन दिवस को पंचायत स्तर के बजाय विधानसभा स्तर पर मनाया गया।समारोह में सीतापुर सहित मैनपाट,बतौली और नवानगर क्षेत्र की हजारों मितानिन दीदियां शामिल हुईं।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक रामकुमार टोप्पो ने माता सरस्वती एवं छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र के समक्ष पूजा-अर्चना एवं वंदना के साथ किया।
इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक रामकुमार टोप्पो ने आपातकालीन परिस्थितियों में मितानिनों द्वारा किए जाने वाले निस्वार्थ सहयोग की सराहना की।उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचलों में गर्भवती महिलाओं की देखभाल,मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य,टीकाकरण और स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने में मितानिनों की भूमिका सबसे अहम है।उन्होंने उनके सेवाभाव एवं सहयोग को ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की मजबूत नींव बताया।कार्यक्रम को अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित करते हुए मितानिन दीदियों के सेवाभाव एवं सहयोग की जमकर सराहना की।
इस दौरान मितानिन दीदियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी और ग्रामीण क्षेत्रों में जरूरतमंदों को दी जाने वाली स्वास्थ्य सेवाओं व अपने अनुभवों को साझा किया।इस आयोजन को लेकर मितानिन दीदियों में खासा उत्साह देखा गया।विधायक की इस पहल को स्वास्थ्य कर्मियों का मनोबल बढ़ाने और समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने वालों को उचित सम्मान दिलाने की दिशा में सराहनीय कदम बताया गया।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली मितानिन दीदियों को मंच पर विधायक द्वारा सम्मानित किया गया।इस आयोजन के सफल संचालन में स्वास्थ्य विभाग का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारी,कार्यकर्ता, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं काफी संख्या में मितानिन दीदी मौजूद रहीं।
