जांजगीर-चांपा। जिले में स्कूली शिक्षा के स्तर को नई ऊंचाइयों पर ले जाने और आगामी बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने के लिए शिक्षा विभाग ने कमर कस ली है। इसी कड़ी में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) जांजगीर में जिले के सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) और खंड समन्वयकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। डाइट प्राचार्य बीएल रत्नाकर और समग्र शिक्षा के डीएमसी रामेश्वर जायसवाल की मौजूदगी में हुई इस बैठक में विद्यालय स्व-आकलन प्रपत्र तथा शैक्षिक गुणवत्ता के सतत सुधार के लिए चिह्नांकित सात प्रमुख क्षेत्रों पर गहन मंथन किया गया।
बैठक में मुख्य रूप से कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों पर जोर दिया गया। डीएमसी रामेश्वर जायसवाल ने सभी विकासखंड अधिकारियों को दो-टूक निर्देश दिए कि वे बोर्ड परीक्षाओं के लिए एक विशेष कार्ययोजना तैयार करें और जमीनी स्तर पर उसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम के लिए केवल योजना बनाना काफी नहीं है, बल्कि स्कूलों की नियमित मॉनिटरिंग और शैक्षणिक गतिविधियों पर पैनी नजर रखना भी बेहद जरूरी है।
शैक्षिक गुणवत्ता को मजबूत आधार देने के लिए डाइट प्राचार्य बीएल रत्नाकर ने सुधार के विभिन्न व्यावहारिक पहलुओं को विस्तार से रखा। उन्होंने विद्यार्थियों के अधिगम स्तर को ऊंचा उठाने, शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया को रोचक बनाने और शिक्षकों की व्यावसायिक दक्षता बढ़ाने पर बल दिया। इसके साथ ही उन्होंने अधिगम आकलन एवं सुधार, समावेशी विद्यालयीन वातावरण, मजबूत विद्यालय नेतृत्व व संस्थागत प्रबंधन को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की रीढ़ बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि आधारभूत सुविधाओं, शैक्षिक संसाधनों, सामुदायिक सहभागिता और नियमित शैक्षणिक समीक्षा के जरिए ही स्कूलों की तस्वीर बदली जा सकती है।
इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों का उत्साहवर्धन भी किया गया। नवागढ़ विकासखंड अंतर्गत स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय (सेजेस) जांजगीर की प्रधान पाठिका आकांक्षा यादव को ‘बिनोगा एप’ में शनिवार की गतिविधियों के बेहतरीन संचालन के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
मंथन सत्र में बीईओ रवि गौतम, बसंत चतुर्वेदी, रामेंद्र जोशी और खंड समन्वयक हीरेंद्र बेहार ने भी मैदानी अनुभवों के आधार पर अपने महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए। इस अवसर पर डाइट के उप प्राचार्य एलके पाण्डेय, केएम जायसवाल, व्याख्याता संजय कुमार शर्मा, बी. जायसवाल, उमाशंकर राठौर सहित संस्थान के अन्य अकादमिक सदस्य प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
