जांजगीर-चांपा। उधारी के पैसों का विवाद इतना खूनी हो गया कि हिसाब-किताब की जगह युवक को अपनी जान गंवानी पड़ी। ग्राम खोखरा में पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में देवनारायण सूर्यवंशी की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी कौशल सूर्यवंशी को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में एक अन्य आरोपी इतवारी सूर्यवंशी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
पुलिस के अनुसार, घटना 17 नवंबर 2026 की रात करीब 10 बजे की है। ग्राम खोखरा में कौशल सूर्यवंशी, इतवारी सूर्यवंशी और मृतक देवनारायण सूर्यवंशी ने एक साथ बैठकर शराब का सेवन किया था। इसी दौरान उधारी के पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने पत्थर से देवनारायण के सिर पर प्राणघातक हमला कर उसकी हत्या कर दी।
19 नवंबर को सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया। इस दौरान पुलिस ट्रेकर डॉग ‘गब्बर’ ने घटनास्थल से सीधे मुख्य आरोपी कौशल सूर्यवंशी के घर तक पहुंचकर पुलिस को अहम सुराग दिया। हालांकि, उस समय आरोपी घर से फरार मिला।
पुलिस ने पहले आरोपी इतवारी सूर्यवंशी को 19 नवंबर को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। वहीं मुख्य आरोपी कौशल की तलाश लगातार जारी थी। आखिरकार पुलिस टीम ने उसे रायपुर से पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने पैसों के लेनदेन के विवाद में पत्थर से हमला कर हत्या करना स्वीकार किया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इस कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यॉर्क एवं नगर पुलिस अधीक्षक योगिता बाली खापर्डे के निर्देशन में कोतवाली पुलिस टीम की भूमिका रही।
जब उधारी का विवाद बना मौत का फरमान
पैसों के लेनदेन का विवाद बातचीत और कानूनी तरीके से सुलझाया जा सकता था, लेकिन गुस्से और हिंसा ने एक युवक की जिंदगी छीन ली। इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि मामूली आर्थिक विवाद भी खूनी संघर्ष का रूप ले सकता है।
