रायगढ़। जिले के चक्रधर नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बंगुरसिया गांव के पास बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सड़क किनारे लगे विशाल दिशा-सूचक (साइन बोर्ड) के लोहे के एंगल पर एक युवक का शव फंदे से लटकता देखा गया। मुख्य मार्ग पर इस खौफनाक मंजर को देखकर राहगीरों के कदम ठिठक गए और देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही चक्रधर नगर पुलिस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करते हुए शव को नीचे उतरवाया और शिनाख्त की कोशिशें शुरू कीं, हालांकि घंटों की मशक्कत के बाद भी मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। युवक की मौत को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
