पटना/वैशाली। बिहार के वैशाली जिले अंतर्गत राघोपुर दियारा क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक बड़ा और हृदयविदारक हादसा पेश आया। रामपुर श्यामचंद गांव के पास गंगा की तेज धारा में 20 लोगों से भरी एक छोटी नाव अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे 13 नाबालिग बच्चों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में सात बच्चे एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं। स्थानीय गोताखोरों और प्रशासन की मदद से समय रहते 7 बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिन्हें उपचार के लिए तत्काल नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एनएमसीएच) में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार सभी बचाए गए बच्चे खतरे से बाहर हैं।
वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि मंगलवार रात करीब 12 बजे सूचना मिली थी कि पड़ोसी गांव में आयोजित एक भोज में शामिल होने के लिए 20 बच्चे एक छोटी नाव पर सवार होकर निकले थे। नदी के बीच पहुंचते ही भार अधिक होने अथवा असंतुलन की वजह से नाव अचानक पलट गई और चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत नावों के साथ मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। जिलाधिकारी के मुताबिक, राहत एवं बचाव दल ने सभी 13 बच्चों के शव पानी से बरामद कर लिए हैं। सभी मृतकों की उम्र 15 वर्ष से कम थी।
हादसे पर शोक प्रकट करते हुए शासन और विपक्ष ने संवेदना व्यक्त की है। राज्य सरकार ने मृतकों के आश्रितों को 4-4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है, साथ ही स्थानीय प्रशासन को राहत कार्य युद्धस्तर पर पूरा करने और घायलों की समुचित चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, राघोपुर के स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी इस त्रासदी पर गहरा दुख जताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और प्रशासन से प्रभावित परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
