सूरजपुर। जिले के बसदेई चौकी क्षेत्र अंतर्गत सोनपुर नर्सरी के पास स्थित कोल्हूआ नाले में एक अज्ञात युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकलवाया, जिसकी शिनाख्त सोनपुर निवासी नाहर सिंह के रूप में की गई है।
मृतक के सिर पर गंभीर चोट के गहरे निशान पाए गए हैं, जिससे प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने फौरन एफएसएल और साक्ष्य संकलन की प्रक्रिया शुरू कर दी है तथा घटनास्थल के आसपास के क्षेत्र को घेरे में लेकर बारीकी से जांच की जा रही है।
हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों को लेकर अभी स्थिति पूरी तरह साफ नहीं हो सकी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस संदिग्धों और संभावित कड़ियों की तलाश में जुट गई है।
