सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में हुए रोंगटे खड़े कर देने वाले दोहरे हत्याकांड के बाद इलाके में भारी आक्रोश और गम का माहौल है। 12वीं कक्षा के मेधावी छात्र सुजल बरेठ और उनकी सरकारी शिक्षिका मां रजनी बरेठ की बेरहमी से की गई हत्या के शोक स्वरूप बिश्रामपुर स्थित कार्मेल कॉन्वेंट इंग्लिश मीडियम स्कूल ने सोमवार (12 अक्टूबर) को स्कूल बंद रखने का ऐलान किया है। स्कूल प्रबंधन ने अभिभावकों के नाम संदेश जारी कर इस खौफनाक वारदात पर गहरा दुख जताया और अपने होनहार छात्र को श्रद्धांजलि दी।
बिश्रामपुर के ममता कॉलोनी में रहने वाले इस परिवार की दुनिया शनिवार को पूरी तरह उजड़ गई थी। जयनगर थाना क्षेत्र के महावीरपुर में कालीघाट के पीछे वाली सड़क किनारे पहले 18 वर्षीय छात्र सुजल की धारदार हथियारों से क्षत-विक्षत लाश बरामद हुई। जब पुलिस शिनाख्त के बाद परिजनों को खबर देने उनके किराए के मकान पर पहुंची, तो वहां बाहर से ताला लटका मिला। देर शाम पुलिस ने जब ताला तोड़ा, तो अंदर छात्र की मां रजनी बरेठ का शव भी संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे पर लटका मिला।
मां-बेटे के इस जघन्य कत्ल के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मृतका रजनी बरेठ ग्राम बेलटिकरी के सरकारी स्कूल में शिक्षिका थीं, जबकि उनका बेटा सुजल कार्मेल स्कूल में 12वीं का छात्र था और मां उसके उज्ज्वल भविष्य के लिए अकेले संघर्ष कर रही थीं। सोमवार सुबह स्कूल पहुंचते ही सहपाठियों और शिक्षकों को जब अपने साथी के मर्डर की जानकारी मिली, तो पूरा परिसर शोक में डूब गया। स्कूल के प्रधानाचार्य ने आदेश जारी कर कहा कि कक्षा 12 के प्रिय छात्र सुजल के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए 12 अक्टूबर को स्कूल में अवकाश रहेगा।
वारदात की गंभीरता को देखते हुए प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी ने भी घटनास्थल का दौरा कर अधिकारियों को कातिलों को फौरन गिरफ्तार करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस फॉरेंसिक टीम और कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स (CDR) की मदद से जांच आगे बढ़ा रही है कि यह किसी करीबी की साजिश है या लूटपाट और पुरानी रंजिश का मामला। फिलहाल अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
