एक तरफ प्रदेश में धान ख़रीदी का बना रिकॉर्ड…इधर आक्रोशित किसानो ने स्टेट हाइवे किया जाम…समर्थन में भाजपा भी सड़क पर

रायपुर/बीजापुर। छत्तीसगढ़ में धान ख़रीदी की मियाद पूरी हो चुकी है। राज्य गठन के बाद प्रदेश में इस साल सबसे ज्यादा धान खरीदी का रिकॉर्ड बना है। खरीफ़ विपणन वर्ष 2019-20 में समर्थन मूल्य पर ख़रीदी के अंतिम दिन 20 फरवरी की शाम तक लगभग 83 लाख मिट्रिक टन धान खरीदी हो चुकी है। राज्य में बीते वर्ष की तुलना में इस साल लगभग दो लाख पच्चास हज़ार से ज्यादा किसानों ने धान बेचा है। राज्य में धान खरीदी के लिए 85 लाख मिट्रिक टन का अनुमान लगाया गया है। बीते वर्ष समर्थन मूल्य पर लगभग 80 लाख मिट्रिक टन खरीदा गया था।

वहीं दूसरी ओर धान खरीदी की मियाद खत्म हो जाने से धान नहीं बेच पाए किसानों में आक्रोश बढ़ रहा है। आक्रोशित किसान शुक्रवार की सुबह सड़क पर उतर आए और बीजापुर के स्टेट हाइवे पर चक्काजाम कर दिया। जानकारी के अनुसार 273 किसानों का धान नहीं खरीदा गया। जिससे नाराज़ किसानों ने भूपेश सरकार के ख़िलाफ़ जमकर नारेबाज़ी करते हुए सड़क जाम कर दिया।

किसानों की जायज मांग को देखते हुए व्यापारियों ने भी उनका समर्थन किया और अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए हैं। इधर बीजेपी भी किसानों के समर्थन में सड़क पर उतर आई है। सड़क जाम होने दोनों ओर वाहनों की कतारे लग गई है यात्री जाम में फंसे हुए हैं।