खैरागढ़ उपचुनाव… जनता के उत्साह के बीच कांग्रेस-भाजपा ने किया जीत का दावा.. जानिए सीएम भूपेश और विष्णुदेव ने क्या कहा..

राजनांदगांव। खैरागढ़ विधानसभा उपचुनाव में वोटरों के जमकर मतदान करने के बाद कांग्रेस और भाजपा ने अपनी-अपनी जीत का दावा किया है। सूरजपुर रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने हेलीपैड पर मीडिया से चर्चा में कहा कि लोग बढ़-चढ़कर मतदान कर रहे हैं। परिणाम बेहतर होंगे। मतदाता ने सरकार के तीन साल के काम और जिला बनाने के मुद्दे पर मतदान किया है। मुख्यमंत्री बघेल ने दावा किया कि कांग्रेस भारी बहुमत से जीत रही है। वहीं, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने भी भाजपा उम्मीदवार की जीत का दावा किया है।

मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में लोगों ने मतदान किया। चुनाव में पार्टी उम्मीदवार के पक्ष में मेहनत करना हमारा काम है। 2023 के विधानसभा चुनाव में भी इसका परिणाम दिखेगा। कांग्रेस संगठन के काम की तारीफ करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार विकास का काम किया है और कार्यकर्ता ने जमकर मेहनत की है, परिणाम जरूर हमारे पक्ष में आएगा।

वहीं विष्‍णुदेव साय ने कहा कि जनता के आशीर्वाद से सकारात्मक परिणाम मिलेगा। मतदाताओं ने जो उत्साह दिखाया है, वह अभूतपूर्व है। प्रत्येक आयु वर्ग के मतदाताओं ने उत्साह के साथ लोकतंत्र को मजबूत करने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। सुबह से ही मतदाताओं का जोश और उत्साह लोकतंत्र के प्रति उनकी आस्था को प्रकट कर रहा था। 16 अप्रैल को भाजपा के पक्ष में जनता के आशीर्वाद और भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत से सकारात्मक परिणाम मिलेगा।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि खैरागढ़ की जनता ने सुनिश्चित कर दिया कि कांग्रेस का 71वां विधायक खैरागढ़ से होगा। जनता ने बढ़-चढ़कर मतदान में हिस्सा लेकर कांग्रेस की भूपेश बघेल सरकार के अब तक के जनकल्याणकारी कार्यकाल और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई को जिला बनाने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। जनता ने खैरागढ़ के उज्ज्वल भविष्य को लेकर कांग्रेस के 29 बिंदु के घोषणा पत्र पर भरोसा जताया है। यहां भाजपा की करारी हार होगी और पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह और भाजपा के झूठ की राजनीति का अंत होगा। भाजपा अपना विजन बताने में असफल रही है।