नया जिला बनाने की चुनावी घोषणा को लेकर पूर्व सीएम रमन सिंह ने उठाए सवाल… सीएम भूपेश ने यूं दिया जवाब… “नवा छत्तीसगढ़” है जो “झुकेगा नहीं..रुकेगा नहीं”

छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार की जीत के साथ खैरागढ़ को जिला बनाने की चुनावी घोषणा पर सियासी संग्राम मच गया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कांग्रेस के घोषणा पत्र को ट्वीट किया, जिस पर पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने पिछले विधानसभा चुनाव के समय के उनके वादों को याद दिलाया।

मुख्यमंत्री बघेल ने खैरागढ़ उपचुनाव के तीन चुनावी वादों को ट्वीट किया। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने के 24 घंटों के भीतर खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिला बनाया जाएगा। साल्हेवारा को पूर्ण तहसील और जालाबांधा को उप-तहसील बनाया जाएगा। खैरागढ़ में दिवंगत विधायक देवव्रत सिंह की आदमकद प्रतिमा लगेगी।

मुख्यमंत्री बघेल के ट्वीट को टैग करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने ट्वीट किया। उन्होंने कहा कि, कांग्रेस सरकार ने पिछले सवा तीन साल में खैरागढ़, छुईखदान, गंडई में एक रुपये का निर्माण नहीं कराया। अब शराबबंदी, बेरोजगारी भत्ता और बकाया बोनस देने की तरह ही 24 घंटे में जिला बना देंगे? देवव्रत सिंह जब कांग्रेस में थे, तब प्रताड़ित किया, अब उनकी प्रतिमा बनाने की बात कर रहे हैं।

डॉक्टर रमन के इस ट्वीट पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने फिर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि डॉक्टर साहब! आप शायद भूल रहे हैं कि ये “नवा छत्तीसगढ़” है जो “झुकेगा नहीं..रुकेगा नहीं”। यहाँ 2 घंटे में किसानों का कर्ज माफ होता है, आदिवासियों की जमीन वापस होती है। फिर 24 घंटे तो बहुत हैं, आप बस देखते जाएं। जिला भी बनेगा, बनकर रहेगा। स्वस्थ रहें, मस्त रहें।