2 मुख्यमंत्री का छतीसगढ़ दौरा: कांग्रेस-BJP उनके स्वागत में कर रहे सियासत

रायपुर. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के छत्तीसगढ़ दौरे पर स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव, मंत्री कवासी लखमा और पूर्व मंत्री केदार कश्यप का बयान भी सामने आया है।

मंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा आप पार्टी अलग-अलग राज्यों में अपनी उपस्थिति दर्ज करा रही है। विकल्प के रूप में आप पार्टी अपने आपको प्रस्तुत कर रही है। पूरे देशभर में जमीन में पकड़ कैसी यह देखना पड़ेगा। अरविंद केजरीवाल को दिल्ली ही उलझा रखा है। छत्तीसगढ़ में विकल्प के रूप में अभी कोई नहीं दिख रहा है।

केजरीवाल और भगवंत मान के दौरे को लेकर मंत्री कवासी लखमा ने कहा यहां छत्तीसगढ़िया लोगों को पसंद करते हैं। केजरीवाल और भगवंत मान छत्तीसगढ़िया नहीं है। छत्तीसगढ़िया कोई है तो वो मुख्यमंत्री भूपेश बघेल हैं। हमारी सरकार ने छत्तीसगढ़ की संस्कृति को आगे बढ़ाने का काम किया। आदिवासी नृत्य हुआ तो रुस समेत अन्य देश से भी लोग आए थे। वे आते और जाते समय छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया बोल कर गए। इसी से पता चलता है प्रदेश के सीएम सबसे बढ़िया हैं। केजरीवाल ने कानून के नाम पर ढोंग किया। वो यहां आकर क्या करेंगे। केजरीवाल का दांव यहां नहीं चलेगा। यहां सिर्फ चलेगा भूपेश बघेल का, सिर्फ चलेगा छत्तीसगढ़िया वाद, सिर्फ चलेगा नेहरू गांधी परिवार इसके अलावा कुछ नहीं।

अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान के दौरे को लेकर केदार कश्यप ने कहा वह आएंगे तो क्या करेंगे, दिल्ली पंजाब में उन्होंने क्या कर लिया। ये हमारे लोगों को बरगलाने की कोशिश करेंगे। छत्तीसगढ़ में भी इनका स्वागत है।