कृषि मंत्री ने मुख्यमंत्री को सौंपा कृषि कर्मण पुरस्कार

Agriculture Karmn Awards
Agriculture Karmn Awards

मुख्यमंत्री डाँ रमन सिंह ने कहा ये हमारे किसानो की मेहनत का है नतीजा..

रायपुर, 12 फरवरी 2014

मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह को आज यहां कृषि मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल ने केन्द्र सरकार से प्राप्त राष्ट्रीय कृषि कर्मण पुरस्कार के रूप में प्राप्त प्रशस्ति पत्र, शील्ड और एक करोड़ रूपए की धनराशि का चेक सौंपा। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेश के उन दो किसानों- जांजगीर-चांपा जिले की श्रीमती सुशीला गबेल और धमतरी जिले के श्री भोलाराम साहू को विशेष रूप से बधाई और शुभकामनाएं दी, जिन्हें राज्य के साथ व्यक्तिगत श्रेणी में धान की सर्वोत्तम खेती के लिए केन्द्र की ओर से एक-एक लाख रूपए की धनराशि और प्रशस्ति पत्र के साथ पुरस्कृत किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिर्फ तीन वर्ष से भी कम समय में छत्तीसगढ़ को केन्द्र सरकार द्वारा दूसरी बार कृषि कर्मण पुरस्कार मिलना हम सबके लिए और विशेष रूप से हमारे मेहनतकश किसानों के लिए एक गौरवपूर्ण उपलब्धि है। यह पुरस्कार राज्य के किसानों के परिश्रम और पसीने का सम्मान है। हमारे किसान अपनी मेहनत से भरपूर कृषि उत्पादन करके लगातार राज्य का गौरव बढ़ा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि के लिए किसानों के साथ-साथ कृषि मंत्री श्री अग्रवाल और कृषि विभाग के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को भी बधाई दी।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष श्री गौरीशंकर अग्रवाल और नेता-प्रतिपक्ष श्री टी.एस. सिंहदेव सहित प्रदेश के कृषि उत्पादन श्री अजय सिंह, कृषि विभाग के संचालक श्री पी.आर. कृदत्त और अन्य अधिकारी उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि इस महीने की दस तारीख को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित कृषि-वानिकी सम्मेलन में राष्ट्रपति श्री प्र्रणब मुखर्जी ने छत्तीसगढ़ को इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया था। राज्य को चावल श्रेणी में यह पुरस्कार वर्ष 2012-13 में सर्वाधिक धान उत्पादन के लिए प्रदान किया गया है।
राष्ट्रपति के हाथों प्रदेश के कृषि मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल ने प्रदेश सरकार की ओर से यह पुरस्कार ग्रहण किया था। पुरस्कार वितरण समारोह में जांजगीर-चांपा जिले की श्रीमती सुशीला गबेल और धमतरी जिले के श्री भोलाराम साहू को धान की उत्कृष्ट खेती के लिए केन्द्र सरकार की ओर से एक-एक लाख रूपए की धनराशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कृषि मंत्री श्री अग्रवाल ने नई दिल्ली से रायपुर लौटने के बाद विधानसभा में मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष को पुरस्कार समारोह की जानकारी दी। उन्होंने दोनों पुरस्कृत किसानों का भी परिचय करवाया।