छत्तीसगढ़ में टूटा धान खरीदी का रिकॉर्ड, अब तक खरीदा गया 100 लाख मीट्रिक टन धान

Dhan Kharidi Ka Record In Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ सरकार ने इस साल राज्य में किसानों से समर्थन मूल्य पर 100 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी कर अपने पिछले साल के रिकार्ड को तोड़ते हुए एक नया रिकार्ड बनाया हैं। राज्य में बीते साल 98 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी हुई थी। सीएम भूपेश बघेल और खाद्य मंत्री अमरजीत भगत ने राज्य के किसानों को इस नई उपलब्धि के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

गौरतबल है कि, राज्य सरकार की किसान हितैषी फैसलों से इन चार वर्षों में लगातार किसानों की पंजीयन में वृद्धि हुई है। इस वर्ष 24.96 लाख किसानों ने पंजीयन कराया हैं। इनमें 2.30 लाख नए किसान हैं। राज्य सरकार द्वारा इस सीजन में 110 लाख मीट्रिक टन धान खरीदने का अनुमान लगाया गया हैं। किसानों को धान विक्रय में सहुलियत हो इस लिहाज से राज्य में 2617 धान उपार्जन केन्द्र बनाए गए हैं।

खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि, 16 जनवरी को 30 हजार 461 किसानों से 1.24 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है। ऑनलाइन प्राप्त टोकन के जरिए किसानों से 09 हजार टन धान की खरीदी हुई है। अधिकारियों ने बताया कि इस खरीफ सीजन में सामान्य धान 2040 रूपए प्रति क्विंटल तथा ग्रेड-ए धान 2060 रूपए प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जा रहा हैं। इसी तरह राज्य में धान खरीदी की व्यवस्था पर कड़ी निगरानी रखी जा रही हैं। सीमावर्ती राज्यों से धान के अवैध परिवहन को रोकने के लिए चेक पोस्ट पर माल वाहकों की चेकिंग की जा रही हैं।

इस साल राज्य में एक नवंबर 2022 से शुरू हुआ धान खरीदी का महाअभियान अभी भी जारी है। अनुमान जताया जा रहा है कि इस साल 110 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की लक्ष्य हैं। और इसके के मुताबिक़ खरीदी की जा सकती हैं।