बलौदाबाजार/रायपुर। छत्तीसगढ़ के खरोरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत बंगोली के पास देर शाम एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जिसमें राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा घायल हो गईं। हादसा उस वक्त हुआ जब सांसद खरोरा से रायपुर की ओर लौट रही थीं। इसी दौरान सामने से आ रही एक अन्य कार से उनके वाहन की सीधी और जोरदार भिड़ंत हो गई।
इस आमने-सामने की टक्कर में सांसद लक्ष्मी वर्मा के दाहिने हाथ में गंभीर चोट आई है, जिसमें फ्रैक्चर होने की जानकारी सामने आ रही है। हादसे के तुरंत बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया, जहां वर्तमान में वे रायपुर एम्स में भर्ती हैं और चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।
दुर्घटना के समय वाहन में सांसद के साथ उनके निजी सहायक (पीए) राघवेंद्र साहू और चालक भी मौजूद थे। राहत की बात यह है कि पीए राघवेंद्र साहू इस हादसे में सुरक्षित हैं और उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है। वहीं, टक्कर की तीव्रता के कारण वाहन चला रहे ड्राइवर के पैर में फ्रैक्चर हो गया है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर सक्रिय हो गया है और मामले की जांच की जा रही है।
