रायपुर। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने एक बार फिर छत्तीसगढ़ में अपनी दबिश तेज कर दी है। आज तड़के एजेंसी की अलग-अलग टीमों ने राजधानी रायपुर समेत भिलाई और धमतरी के कई ठिकानों पर एक साथ धावा बोला। सुबह-सुबह हुई इस अचानक कार्रवाई से संबंधित इलाकों और कारोबारी हलकों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, छापेमारी के दौरान ईडी के अधिकारियों ने परिसरों में मौजूद लोगों से सघन पूछताछ की। जांच टीमों का मुख्य फोकस संदिग्ध वित्तीय लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों, बैंक खातों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के डिजिटल रिकॉर्ड को खंगालने पर है। हालांकि, यह कार्रवाई किसी पुराने घोटाले की कड़ी है या किसी नए मामले में शिकंजा कसा गया है, इस पर अभी सस्पेंस बरकरार है। जांच एजेंसी की ओर से फिलहाल न तो कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है और न ही निशाना बनाए गए व्यक्तियों या प्रतिष्ठानों के नाम सार्वजनिक किए गए हैं।
ईडी की इस ताजा दबिश को प्रदेश में हाल के दिनों में हुए बड़े खुलासों के नजरिए से बेहद अहम माना जा रहा है। गौरतलब है कि महज दो दिन पहले यानी 25 नवंबर को ही एजेंसी के हाथ सौरभ चंद्राकर से जुड़े होटल, क्लब और रेस्टोरेंट कारोबार में करीब 200 करोड़ रुपये के निवेश के पुख्ता सुराग लगे थे। इस जांच के दायरे में रायपुर के वीआईपी रोड स्थित सात बड़े प्रतिष्ठान और पंडरी का एक चर्चित क्लब पहले से ही शामिल हैं।
दूसरी ओर, महादेव सट्टा ऐप मामले में भी जांच की आंच लगातार तेज हो रही है। इस प्रकरण में 20 नवंबर को मुंबई एयरपोर्ट से गिरफ्तार किए गए दिल्ली के वकील हिमांशु शेखर उर्फ मोहित पाठक 28 नवंबर तक ईडी की रिमांड पर हैं। सूत्रों के मुताबिक, पाठक से हुई पूछताछ में सट्टेबाजी की काली कमाई के लेनदेन और मीडिया कंपनियों की आड़ में की गई मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े कई अहम राज सामने आए हैं। ऐसे में आज तीन शहरों में हुई इस बड़ी छापेमारी के तार इन्हीं कड़ियों से जुड़े होने की अटकलें तेज हो गई हैं। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी।
