बीजापुर। धान खरीदी के सीजन में सीमावर्ती इलाकों से होने वाले अवैध परिवहन पर नकेल कसते हुए बीजापुर राजस्व विभाग ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। शुक्रवार तड़के करीब 4 बजे छत्तीसगढ़-तेलंगाना सीमा पर स्थित तिमेड जांच नाके पर टीम ने धान से लदे दो ट्रकों को धर दबोचा। इन वाहनों में कुल 556.30 क्विंटल धान भरा हुआ था। जांच के दौरान चालकों के पास न तो अंतरराज्यीय अभिवहन अनुमति (ट्रांजिट पास) मिली और न ही जीएसटी से जुड़े कोई वैध कागजात। दस्तावेजों के अभाव में प्रशासन ने दोनों ट्रकों और धान को जब्त कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रशासनिक टीम की मुस्तैदी के चलते सुबह के अंधेरे में नाके से गुजर रहे वाहन क्रमांक टीएस 08 यूएफ 8882 और टीएस 07 यूडी 0488 को रोककर तलाशी ली गई। पहले ट्रक के चालक कृष्णा गुबरे और दूसरे के चालक प्रमोद से जब पूछताछ की गई, तो उन्होंने बताया कि वाहनों में क्रमशः 278.30 क्विंटल और 278 क्विंटल धान लोड है। चालकों के मुताबिक, यह धान तेलंगाना के करीमनगर जिले के नागमपेट के किसानों से एकत्र किया गया था और इसे ओडिशा के बरगढ़ जिले के अट्टाबीरा स्थित ‘मंगलपूर्ति सीड्स’ पहुंचाया जा रहा था। हालांकि, इस दावे के समर्थन में वे कोई भी वैध परिवहन दस्तावेज पेश नहीं कर सके।
वैध कागजात न मिलने पर राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर ही धान का जब्ती पंचनामा तैयार किया और दोनों वाहनों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मामला आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को सौंप दिया है। गौरतलब है कि धान खरीदी के मौजूदा सीजन को देखते हुए अंतरराज्यीय सीमाओं पर चौकसी काफी बढ़ा दी गई है। छत्तीसगढ़ और तेलंगाना की सरहद पर स्थित तिमेड नाके से गुजरने वाले हर संदिग्ध वाहन की सघन जांच की जा रही है। इस पूरी कार्रवाई में तहसीलदार लक्ष्मण राठिया, पटवारी देवेंद्र संघर्ती, बीट गार्ड हरीश मांझी और राजेश गटपल्ली की सक्रिय भूमिका रही।
