छत्तीसगढ़ : पुलिस ने 7 साल से लापता लड़की को ढूंढ निकाला,वीडियो कॉल में बेटी से बात कर भावुक हुए पिता

कोरिया। कोरिया पुलिस की अनूठी पहल से 7 साल से लापता लड़की को मनेन्द्रगढ़ पुलिस टीम द्वारा अपनी सूझबूझ से ढूंढ निकाला है। लड़की की हरसंभव तलाश जारी थी, जिसपर वर्तमान थाना प्रभारी मनेन्द्रगढ़ सचिन सिंह और उनकी टीम ने सफलता हासिल कर ली है। सात साल पहले बिछड़ी अपनी बेटी को देखकर पिता के चहरे पर खुशी साफ नजर आ रही थी। उन्होंने पुलिस का आभार व्यक्त किया है।

कोरिया पुलिस ने बीते 02 माह से कई केसों की तफ्तीश की है। पुलिस की सूझबूझ से बीते 7 साल से लापता लड़की अपने पिता से मिल पाई। बता दें कि लापता लड़की के पिता की रिपोर्ट पर 07 वर्ष से लड़की की हरसंभव तलाश जारी थी, लेकिन उसका कोई अता-पता नहीं चल पा रहा था। पिता ने हार नहीं मानी और थाना प्रभारी से सम्पर्क बनाए रखा, जिसपर वर्तमान थाना प्रभारी मनेन्द्रगढ़ सचिन सिंह ने उन्हें भरोसा दिलाया था। आखिरकार थाना प्रभारी और उनकी टीम ने सफलता हासिल कर ली। लड़की को उत्तर प्रदेश के कानपुर से ढूंढ़ निकाला और उसके पिता से उसकी बात कराई।

लापता लड़की को वीडियो कॉल के माध्यम से लड़की के पिता से बात कराई गई। बात करते वक्त पिता और बेटी भावुक हो गए। बेटी के बच्चों को देखकर पिता के चहरे पर खुशी नजर आई और उन्होंने पुलिस का आभार व्यक्त किया है। कोरिया के पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह ने थाना प्रभारी और उनकी टीम को बधाई दी है। साथ ही एसपी कोरिया ने कहा कि पूर्व में भी वीडियो कॉल के माध्यम से बरामदगी की गई है और आगे भी ये जारी रहेगा।