छत्तीसगढ़ : दो बेटों ने मिलकर अपने पिता की हत्या कर दी, हाथ में पहनने वाले कड़े और ईंट से किया वार

धमतरी। जिले में 2 बेटों ने मिलकर अपने ही शराबी पिता की हत्या कर दी है। दोनों ने अपने पिता को इसलिए मार डाला, क्योंकि वो शराब पीकर आए दिन घर में विवाद करता था। इस बीच जब दोनों बेटे सोमवार को घर आए तो वो उनसे भी झगड़ने लगा था। जिसके कारण गुस्साए बेटों ने हाथ में पहने कड़े और ईंट से मारकर पिता की ने हत्या कर दी है। मामला कुरुद थाना के जोरातराई गांव का है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

दरअसल, जोरातराई निवासी अशोक साहू (47) शराब पीने का आदि था। अशोक रोज शराब पीकर घर में आता था और अपनी बीवी से विवाद करता था। इसी दौरान उसके दोनों बेटे रुपेश साहू (23) और टोमन साहू (22) भी रायपुर से मंगलवार को घर लौटे थे। रुपेश और टोमन रायपुर में मोटर मैकेनिक का काम करते थे।

दोनों जैसे ही करीब 12 बजे अपने घर पहुंचे उनसे भी अशोक विवाद करने लगा। दोनों ने उसे समझाने की भी कोशिश की, फिर भी अशोक नहीं माना। इससे गुस्से में आकर रुपेश और टोमन ने अशोक के सिर पर हाथ में पहने हुए कड़े से कई बार हमला किया, फिर ईंट उठाकर उसके सिर में दे मारी। जिससे अशोक की मौके पर ही मौत हो गई।

इसके बाद पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और दोनों बेटों को घर से ही गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उनके पिता आए दिन शराब पीकर घर मे विवाद करते थे। उनके पिता ने कई बार उनकी मां से मारपीट की थी। जिसके चलते रोज-रोज घर में विवाद चलते रहता था। उन्होंने बताया कि कई बार उन्हें समझाया था। फिर वो कभी बात नहीं सुनते थे।