डांडिया में दिखा आस्था का कदमताल..!

5 साल की बच्ची से लेकर 80 साल की महिला में दिखा उत्साह

अम्बिकापुर- दीपक सराठे 

उल्लास की उठी…लहर! उमंग की उठी…ज्वार! भक्ति की बही… प्रवाह! नगर के अस्पताल रोड मणिपुर मां महामाया महिला सेवा समिति द्वारा दुर्गा पूजन के अवसर पर आयोजित डांडिया व गरबा कार्यक्रम में गुरूवार की रात आस्था का हर रंग दिखा। 5 साल की बच्ची से लेकर 80 साल की बुजुर्ग महिला ने डांडिया व गरबा की धुन पर आस्था का कदमताल किया। सुर व ताल पर थिरकते सैकड़ो कदमों को निहारने के लिये क्षेत्र के लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी थी। जैसे-जैसे डांडिए की किदम तेज होती गई, वैसे-वैसे हर ग्रुप में जोश बढ़ता गया। डांडिया के रंग में हर कोई रंगा नजर आया।

पंखिड़ा ओ पंखिड़ा….. अम्बे मां ने आनंद भयो, गाने में रात 9 बजे से आस्था के कदमताल से माहौल भक्तिमय हो गया। ज्ञात हो कि महिला सेवा समिति मणिपुर द्वारा पिछले 11 वर्षों से लगातार नवरात्र पर मां दुर्गा की प्रतिमा सार्वजनिक रूप से स्थापित की जाती रही है। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी मां दुर्गा पूजा के अवसर पर समिति द्वारा कई सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। इसी तारतम्य में गुरूवार की रात डांडिया व गरबा का वृहद आयोजन समिति द्वारा किया गया था। इसे लेकर बच्चे व युवतियों सहित बुजुर्ग महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में पहुंची थी।  रात 9 बजे से प्रारंभ हुआ डांडिया व गरबे का कार्यक्रम देर रात तक चलता रहा। आस्था के सैलाब के बीच लोगों में डांडिया को लेकर काफी उत्साह देखा गया। गौरतलब है कि महिला सेवा समिति नगर की एक ऐसी समिति है जिनमें महिलाओं के द्वारा है चंदा इकऋा करने से लेकर विसर्जन तक का जिम्मा महिलाएं खुद उठाती है।  हर रोज सांस्कृतिक कार्यक्रम में महिलाओं की भागीदारी बढ़-चढ़ कर रहती है। पूरे दुर्गा पूजा तक हर रोज भंडारे का आयोजन भी किया जाता है। हर कार्यक्रम में समिति की अध्यक्ष अन्नपूर्णा सिन्हा, उपाध्यक्ष प्रेमा गुप्ता, सचिव तुला देवी, सांस्कृतिक प्रभारी मीना वर्मा, कोषाध्यक्ष ललिता सिन्हा, सरंजना कौर, शीला श्रीवास्तव, अंजू अग्रवाल, बनिता अग्रवाल, सरस्वती सिन्हा, देवलक्ष्मी, सुशील सहाय, राशि सहाय, मुन्नी देवी, उषा पांडेय, कुसुम पांडेय सहित सदस्यों की भूमिका सक्रिय रहती है।