Chhattisgarh Paddy Purchase: छत्‍तीसगढ़ में अब चार फरवरी तक होगी धान खरीदी, छुट्टी के दिन भी बेच सकेंगे किसान, आदेश जारी

रायपुर. राज्य सरकार ने धान खरीदी की तारीख बढ़ा दी है। अब चार फरवरी रविवार तक धान खरीदी की जाएगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के दिशा-निर्देशों के बाद शासन ने आदेश जारी कर दिया है। प्रदेश में पहली बार शासकीय अवकाश शनिवार और रविवार को भी धान खरीदी की जाएगी।

अब तक 134 लाख टन धान की खरीदी

छत्‍तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का ग्राफ प्रतिदिन ऊपर चढ़ता जा रहा है। बीते साल राज्य में हुई 107.53 लाख टन धान की खरीदी का रिकार्ड पहले ही टूट चुका है। राज्य में अब तक 133.88 लाख टन धान की खरीदी हो चुकी है, जो कि बीते साल की तुलना में लगभग 27 लाख टन अधिक है।

प्रदेश में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए अभी दो दिन और बाकी है। प्रतिदिन औसतन साढ़े तीन लाख टन धान की खरीदी हो रही है। इस साल धान खरीदी की मात्रा 140 लाख टन के पार होने की उम्मीद है। राज्य में इस साल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी का परिपालन सुनिश्चित करते हुए किसानों से प्रति एकड़ के मान से 21 क्विंटल धान की खरीदी की जा रही है।

26 लाख 85 हजार किसानों ने कराया अपना पंजीयन

किसानों से चालू विपणन वर्ष में 29 जनवरी तक 133.88 लाख टन धान खरीदी के एवज में उन्हें 28 हजार 104 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। राज्य में समर्थन मूल्य पर अब तक 23 लाख 68 हजार 810 किसान धान बेच चुके हैं। समर्थन मूल्य पर धान बेचने के राज्य में 26 लाख 85 हजार किसानों ने अपना पंजीयन कराया है।

राज्य में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के साथ-साथ कस्टम मिलिंग भी समानांतर रूप से जारी है। मिलर्स द्वारा खरीदी केंद्रों से धान का उठाव लगातार किया जा रहा है। अब तक 101 लाख 85 हजार 181 टन धान के उठाव के लिए डीओ जारी किया गया है, जिसके विरूद्ध मिलर्स द्वारा 91 लाख 13 हजार टन धान का उठाव किया जा चुका है।