सरगुज़ा : ब्लाइंड मर्डर का खुलासा… दामाद ने ससुर को मारकर कुएं में फेंका

अम्बिकापुर। सरगुज़ा ज़िले के उदयपुर थाना पुलिस ने अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने में सफलता पायी है। 9 फरवरी को कुएं में मिले व्यक्ति के हत्या के आरोप के मृतक के दामाद को गिरफ़्तार किया गया है। जिसने ज़मीन विवाद में इस घटना को अंजाम दिया था।

दरअसल, 5 फरवरी से लापता कंवलगिरी निवासी घासीराम का शव 9 फरवरी को कुएं में मिला था। मृतक के सिर पर चोंट के निशान थे। साथ ही मर्डर के बाद शव को घसीटा गया था। जिससे खून के छींटे जमीन पर लगे थे। इसपर उदयपुर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के ख़िलाफ़ धारा 302 के तहत अपराध कायम कर विवेचना कर रही थी।

इसी दौरान पता चला कि मृतक का उसके दामाद उमेश्वर सिंह से जमीन संबंधी विवाद चल रहा था। इसपर पुलिस ने मृतक के दामाद से कड़ाई से पूछताछ की तो उसने घटना कारित करना स्वीकार किया। साथ ही पुलिस ने घटना में प्रयुक्त टांगी भी ज़ब्त कर लिया है। आरोपी उमेश्वर सिंह को गिरफ़्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।