महिला इंजीनियर से एक लाख रुपए की ठगी, ईनाम में लैपटॉप मिलने का लालच देकर दिया घटना को अंजाम



बिलासपुर। महिला इंजीनियर को लैपटाप इनाम में देने का झांसा देकर एक लाख की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। इंजीनियर की शिकायत पर पुलिस जुर्म दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। सरकंडा के राजकिशोर नगर में रहने वाली संगीता गौरहा सिंचाई विभाग रायगढ़ में जूनियर इंजीनियर हैं। उन्होंने आनलाइन शापिंग की थी। इसके बाद 26 जुलाई को उनके मोबाइल पर अनजान नंबर से काल आया। फोन करने वाले ने खुद को आनलाइन शापिंग कंपनी का कस्टमर केयर प्रतिनिधि बताकर उनसे बात की।

इस दौरान फोन करने वाले ने उन्हें तीसरे इनाम के रूप में लैपटाप देने की बात कही। इसके लिए उन्हें कुछ स्र्पये आनलाइन भेजने के लिए कहा। इनाम के झांसे में आकर महिला इंजीनियर ने जालसाजों के बताए खाते में स्र्पये जमा करा दिए। इसके बाद उन्हें और स्र्पये भेजने के लिए कहा गया। इस पर इंजीनियर ने पांच बार में एक लाख 599 स्र्पये जमा करा दिए। दो दिनों बाद महिला इंजीनियर को ठगी का एहसास हुआ। उन्होंने इसकी शिकायत सरकंडा थाने में की है। इस पर पुलिस जुर्म दर्ज कर जालसाजों की तलाश कर रही है।

पुलिस और वित्तीय संस्थानों की ओर से लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस की ओर से जालसाजों के पैंतरों की जानकारी लोगों को अभियान चलाकर दी जा रही है। इसके बाद भी लोग जालसाजों के शिकार बन रहे हैं। जालसाज इनाम का झांसा देकर लोगों से उनके बैंक की गोपनीय जानकारी ले लेते हैं। वहीं, कई मामलों में इनाम के लिए स्र्पये जमा कराने कहते हैं। इनाम के झांसे में आए लोग इसका शिकार बन रहे हैं।