छत्तीसगढ़: रपटा पुल के नीचे गिरा साइकिल सवार, सिर पर आई गंभीर चोंट; कोतवाली थाना में करता है साफ़-सफाई का काम

बिलासपुर। साइकिल सवार युवक अनियंत्रित होकर शनिचरी रपटा पुल के नीचे गिर गया। इससे उसके सिर पर गंभीर चोट आई है। घटना के बाद आसपास के लोगों ने पुल के नीचे उतरकर युवक को उठाया। घायल युवक के सिर से बहुत खून बह रहा था। वहां के लोगों ने उसे सिम्स मे भर्ती कराया है। सिटी कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले राजा यादव कोतवाली थाना में साफ-सफाई का काम करते हैं। सोमवार को शाम वह काम के सिलसिले से अपनी रेंजर साइकिल से सरकंडा की ओर जा रहे थे। शनिचरी रपटा पुल के पास पहुंचे थे। इसी दौरान राजा यादव अनियंत्रित होकर साइकिल समेत रपटा पुल के नीचे गिर गए।

उन्हें देखकर वहां से आने जाने वाले रुक गए। फिर कुछ युवकों ने पुल के नीचे उतरकर राजा यादव को सुरक्षित पुल के ऊपर ले गए। गिरने के कारण राजा के सिर, हाथ व शरीर के अन्य हिस्सों पर चोटें आई हैं। पूछताछ में युवक कुछ बोल नहीं पा रहा था और दर्द से तड़प रहा था। इसके बाद एक युवक ने अपनी बाइक में बैठाकर घायल राजा यादव को सिम्स लेकर पहुंचे। डाक्टरों ने युवक का इलाज किया है।

घटना के दौरान प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि, साइकिल सवार राजा यादव नशे की हालत में था। साथ ही वह तेजी से साइकिल चलाते हुए जा रहा था। नशे के कारण वह अनियंत्रित हो गया। इससे वह रपटा पुल से नीचे गिर गया। आसपास के लोगों ने उसे बचाने के लिए पुल के नीचे उतरे। तब राजा यादव नशे के कारण आम लोगों के साथ दुर्व्यवहार करने लगा। वहां मौजूद लोगों पर धक्का मारकर गिराने का आरोप लगाने लगा था। वहां लोगों ने उसे समझाया। तब जाकर शांत हुआ। इसके बाद उसे अस्पताल लेकर गए। सिम्स में भी इलाज नहीं करवाने की बात करने लगा था। इसके बावजूद डाक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया।