कार की टक्कर से बाइक सवार महिला और अधेड़ की मौत, चालक को आई गंभीर चोंट



बिलासपुर। बुधवार की दोपहर कोटा क्षेत्र के नेवरा में कार की टक्कर से बाइक सवार महिला और और एक अधेड़ की मौत हो गई। वहीं, बाइक चला रहे युवक को गंभीर चोटे आई है। इधर हादसे के बाद अनियंत्रित कार सड़क से उतरकर झाड़ियों के बीच चली गई। कार सवार दो लोगों को चोटे आई है। घटना की सूचना पर कोटा पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की सूचना मृतक के स्वजन को दी गई है। वहीं, पुलिस कार चालक की जानकारी जुटा रही है।

कोटा क्षेत्र के खरगहनी निवासी तुलसीराम यादव (32 वर्ष) बुधवार की दोपहर किसी काम से बिलासपुर आ रहे थे। उनके साथ गांव की महिला सुकवारा बाई केंवट(63 वर्ष) और ग्राम पर्थरा निवासी जैता यादव (53 वर्ष) भी थे। बाइक सवार तुलसीराम नेवरा के पास पहुंचे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे कार के चालक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार जैता यादव उछलकर दूर जा गिरे। वहीं, महिला भी सड़क से दूर जाकर गिरी। दुर्घटना में घायल महिला और जैता यादव ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, बाइक चला रहे तुलसीराम को गंभीर चोटे आई है।

इधर दुर्घटना के बाद अनियंत्रित कार भी सड़क से उतरकर झाड़ियों में चली गई। आसपास के लोगों ने हादसे की सूचना डायल 112 को दी। इस पर डायल 112 की टीम ने मौके पर पहुंचकर घायल को गनियारी के अस्पताल में भर्ती कराया। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सिम्स रेफर कर दिया गया है। इधर हादसे की सूचना पर पहुंची कोटा पुलिस ने शव कब्जे में लेकर चीरघर भेज दिया है। घटना की सूचना मृतक के स्वजन को दी गई है। उनके आने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

आसपास के लोगों ने बताया कि कार में एक युवक और युवती सवार थे। दुर्घटना के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क से उतर गई। इसके कारण कार सवार को भी चोटे आई है। घटना के बाद वे भी एक अन्य वाहन से अस्पताल चले गए। कार को जब्त कर पुलिस कार चालक और उसमें सवार लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।