बारिश के बीच नेशनल हाईवे पर चक्काजाम, इसलिए आक्रोशित हुए स्थानीय लोग

बिलासपुर। जिले के तिफरा स्थित मन्नाडोल क्षेत्र जलमग्न हो गया है। इससे लोग बेघर हो गए हैं। पानी निकासी की व्यवस्था नहीं करने के कारण आक्रोशित स्थानीय लोगों ने बिलासपुर-रायपुर नेशनल हाईवे में चक्काजाम कर दिया। इस दौरान भारी वर्षा हो रही थी। इसके बावजूद लोगों ने छाते के सहारे सड़क पर विरोध प्रदर्शन किया। इससे नेशनल हाईवे पर गाड़ियों की लंबी लाइन लग गई। सूचना पर पुलिस की टीम तत्काल घटना स्थल पहुंची और लोगों को समझाइश दी। प्रदर्शनकारी पानी निकासी करने की मांग पर अड़े रहे। किसी तरह पुलिस ने लोगों को शांत कराया और सड़क से जाम हटाया।

लगातार हो रही वर्षा होने से जिले के कई इलाकों में जल भराव हो गया है। पानी भरने के कारण घरों में रहना संभव नहीं है। तिफरा का मन्नाडोल बस्ती पूरी तरह जलमग्न हो गया है। कई घरों में पानी घुस गया है। लोगों को आने-जाने में काफी तकलीफ हो रही है। इसके चलते लोगों ने नाराजगी है। रविवार को बड़ी संख्या में बस्ती के लोग बिलासपुर-रायपुर रोड पर जमा हो गए और यातायात को रोक दिया। इस दौरान वर्षा हो रही थी। लंबे समय से परेशानी झेल रहे लोग फिर भी डटे रहेा उन्होंने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की है। वर्षा के कारण कई इलाकों में बाढ़ के हालात हैं। शनिवार को दो लोग बह भी गए थे।

वहीं तिफरा में मन्नाडोल बस्ती के पास बहने वाले गोकने नाले का भी जल स्तर काफी बढ़ गया है। रास्तों में पानी ही पानी है। घरों में पानी घुस गया है। कई लोगों के घर भी टूट गए हैं। लोगों ने बताया कि हमारे सामने इतनी परेशानी है कि हम कहां जाएं समझ नहीं आ रहा है। घरों में पानी ही पानी है, बुजुर्गों और बच्चों की तबीयत खराब है। सबको अस्पताल ले जाते भी नहीं बन रहा है। उनका कहना था कि हमने कई बार प्रशासन से लेकर निगम तक शिकायत की। मगर हमारी बात को कोई सुन ही नहीं रहा है। इसलिए हम लोगों ने चक्काजाम किया है। गुस्साए लोगों ने करीब एक घंटे तक चक्काजाम किेए रखा। इसके चलते आने-जाने वाले लोगों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।