सरगुजा: शरारती तत्वों ने बाइक में लगाई आग… बाइक जलकर हुआ खाक..



अम्बिकापुर/सीतापुर/अनिल उपाध्याय। देर रात शरारती तत्वों ने लालबहादुर शास्त्री स्टेडियम के सामने घर के बाहर खड़ी बाइक को आग के हवाले कर दिया। जिससे बाइक जलकर पूरी तरह खाक हो गया। इस घटना से पूरा नगर एक बार फिर दहशत में आ गया है। पीड़ित पक्ष ने इस घटना की रिपोर्ट थाने में दर्ज करा कार्रवाई की माँग की है।

जानकारी के अनुसार, लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम के सामने नेशनल हाईवे के बाजू में रहने वाले संतोष गुप्ता की घर के बाहर खड़ी बाइक को अज्ञात शरारती तत्वों ने आग के हवाले कर दिया। इस आगजनी से बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो गई। देर रात बेखौफ बदमाशों द्वारा की गई आगजनी की इस घटना से एक बार फिर नगर में असुरक्षा का माहौल निर्मित हो गया है। मुख्य मार्ग से सटे घर के बाहर खड़ी बाइक को आग के हवाले करते हुए बेखौफ बदमाशों ने अपने इरादे जता दिए हैं।

पखवाड़े भर के अंदर नगर में हुई सिलसिलेवार इस तरह की कई घटनाओं से नगर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। नगरवासी अपनी जानमाल की सुरक्षा को लेकर काफी दहशत में आ गए हैं। देर रात बाइक में हुई आगजनी की घटना से पीड़ित संतोष गुप्ता ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए उचित कार्रवाई की माँग की है।

पखवाड़े भर पहले वाहनों में हुई पत्थरबाजी की घटना का नही लगा सुराग

पखवाड़े भर पहले देर रात नगर में हुई पत्थरबाजी की घटना का आज तक पुलिस कोई सुराग नहीं लगा पाई है। पखवाड़े भर पहले इस घटना को अंजाम देने वाले अज्ञात शरारती तत्वों ने देर रात नगर के कई हिस्सों में पत्थरबाजी की घटना को अंजाम दिया था। इस दौरान उन्होंने घर के बाहर खड़ी वाहनों को अपना निशाना बनाते हुए सात वाहनों को पत्थर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया था। इस घटना की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई गई थी। लेकिन पुलिस आज तक इस घटना में संलिप्त लोगो का सुराग नही लगा पाई। जिसका फायदा उठा शरारती तत्वों ने फिर से देर रात बाइक को आग के हवाले कर अपने इरादे जता दिए है। दिनो दिन नगर में बिगड़ती जा रही सुरक्षा व्यवस्था से लोग काफी चिंतित है। नगर में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों से लोगो मे असुरक्षा का माहौल निर्मित होने लगा है। जिसकी वजह से लोग दहशत में जीने को मजबूर है। नगरवासियों ने ऐसी घटनाओं पर रोकथाम हेतु पुलिसिया व्यवस्था में कसावट लाने की माँग की है।ताकि नगर में होने वाले ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

इस संबंध में थाना प्रभारी रूपेश नारंग ने बताया कि इस घटना की तस्दीक कराई जायेगी। अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।