मुख्यमंत्री डाँ रमन सिंह ने पुलिस खेल प्रतियोगिता के विजेताओं को किया पुरस्कृत ..

अम्बिकापुर 03 मार्च 2014
मुख्यमंत्री डाँ. रमन सिंह ने आज सरगुजा संभाग के मुख्यालय अम्बिकापुर मे सरगुजा रेंज स्तरीय पुलिस खेल प्रतियोगिता के विजेताओं और उप विजेताओं को पुरस्कृत किया। अम्बिकापुर के गांधी स्टेडियम मैदान में 1 मार्च से चल रही इस रेंज स्तरीय खेल प्रतियोगिता के समापन समारोह में गृह मंत्री श्री रामसेवक पैंकरा भी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का निरन्तर प्रयास कर रही है। उन्होंने पुलिस के जवानों को फिट और स्वस्थ्य रहने के लिए खेल को अपनाने की सलाह देते हुए कहा कि पुलिस के जवान भी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में अपना नाम रौशन करेंगे। उन्होंने पुलिस खेल आयोजन के लिए पुलिस प्रशासन को खेल का अच्छा वातावरण देने पर बधाई दी। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जाहिर करते हुए कहा कि सरगुजा विभिन्न खेल के क्षेत्रों में उत्कृष्ट खिलाड़ी देगा।
इस अवसर पर गृह मंत्री श्री रामसेवक पैंकरा ने कहा कि सरगुजा रेंज स्तरीय पुलिस खेल प्रतियोगिता का आयोजन पुलिस के जवानों के खेल की प्रतिभा को सामने लाने के लिए किया गया। ये खिलाड़ी भविष्य के अच्छे खिलाड़ी बनकर सामने आएंगे। उन्होंने सभी खिलाडि़यों को अपनी शुभकामनाएं दी।
CM RAMAN SINGH  IN GAMES 2
पुलिस अधीक्षक श्री सुन्दरराज पी. खेल प्रतियोगिता के बारे में बताया कि इस प्रतियोगिता में सरगुजा रेंज के सरगुजा, कोरिया, जशपुर, सूरजपुर और बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के पुलिस जवान शामिल हुए। इस खेल प्रतियोगिता में व्हालीबाँल, फुटबाल, हाँकी, कबड्डी और एथेलेटिक्स की प्रतियोगिताएं हुई। प्रतियोगिता में लगभग चार सौ खिलाड़ी शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने पुलिस खेल प्रतियोगिता के समापन समारोह पर विजेताओं और उप विजेताओं को पुरस्कृत किया। इनमें जनरल चैम्पीयनशीप का पुरस्कार सरगुजा पुलिस को मिला। व्हालीबाँल में सरगुजा पुलिस विजेता और जशपुर पुलिस उप विजेता रही। व्हालीबाँल महिला में सरगुजा पुलिस विजेता और कोरिया पुलिस उप विजेता रही। फुटबाल में सरगुजा पुलिस विजेता और कोरिया पुलिस उप विजेता रही। हाँकी में सरगुजा पुलिस विजेता और बलरामपुर पुलिस उप विजेता रही। कबड्डी में कोरिया पुलिस विजेता और सूरजपुर पुलिस उप विजेता रही। कबड्डी महिला में सरगुजा पुलिस विजेता और कोरिया पुलिस उप विजेता रही। 100 मीटर दौड़ और लम्बी कूद के पुरूष और महिला वर्ग में सरगुजा पुलिस प्रथम स्थान पर रही। गोला फेंक में पुरूष वर्ग मंे सरगुजा पुलिस और महिला वर्ग में कोरिया पुलिस प्रथम स्थान पर रही। इसके अलावा समारोह में उत्कृष्ट खिलाडि़यों को भी सम्मानित किया गया। पुलिस कल्याण निधि से प्रशान्त कुमार और राकेश राजवाड़े को 14-14 हजार रूपए एवं पूजा तिर्की को 2 हजार 200 रूपए की राशि उच्च शिक्षा के लिए अनुदान स्वरूप दी गई। राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रदीप भगत और समीर अंसारी को फुटबाल के लिए तथा लान टेनिस में स्वप्निल अय्यंगर और दीप ज्योति एक्का को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री श्री रामविचार नेताम, सांसद श्री जे.पी. नड्डा, श्री अनुराग सिंहदेव, श्री बाबूलाल अग्रवाल, सरगुजा संभाग के कमिश्नर डाँ. बी.एस. अनंत, आईजी श्री टी.जे. लांगकुमरे, कलेक्टर श्रीमती ऋतु सैन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, गणमान्य नागरिक, खिलाड़ी एवं कोच सहित बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।