Ambikapur News: आदित्येश्वर शरण सिंहदेव निर्विरोध चुने गए सरगुज़ा जिला पंचायत के उपाध्यक्ष!

अम्बिकापुर। सरगुजा में 10 महीने से रिक्त पड़े जिला पंचायत उपाध्यक्ष पद के लिए आखिरकार आज चुनाव संपन्न हो गया। उपाध्यक्ष का पद कांग्रेस के खाते में गया है और स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव के भतीजे आदित्येश्वर शरण सिंहदेव निर्विरोध उपाध्यक्ष चुने गए हैं। गौरतलब है कि कांग्रेस के 11 जिला पंचायत सदस्य हैं, वहीं भाजपा के तीन, लेकिन वे चुनाव में भाग लेने नहीं पहुंचे। जिसके चलते उपाध्यक्ष का चुनाव निर्विरोध संपन्न हुआ।

बता दें कि 2020 में पंचायत चुनाव में संपन्न हुआ। इस दौरान सरगुज़ा कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राकेश गुप्ता सरगुज़ा जिला पंचायत के उपाध्यक्ष चुने गए। उसी दौरान राकेश गुप्ता ने उपाध्यक्ष का पद एक साल तक संभालने का ऐलान किया था। और आगे उपाध्यक्ष का दायित्व आदित्येश्वर शरण सिंहदेव को संभालने की बात कही थी। राकेश गुप्ता ने अपने घोषणा के मुताबिक़ एक साल के कार्यकाल के बाद उपाध्यक्ष पद से इस्तीफ़ा दे दिया। जिसके बाद 10 महीने से उपाध्यक्ष का पद खाली पड़ा था।

वहीं आज सोमवार (7 फरवरी 2022) को सरगुज़ा जिला पंचायत सभाकक्ष में उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव सम्पन्न हुआ। जहां टीएस सिंहदेव के भतीजे आदित्येश्वर शरण सिंहदेव निर्विरोध उपाध्यक्ष चुने गए।