स्कूली छात्रा के साथ गैंगरेप पर भड़की कांग्रेस, जांच की समिति बनाई

रायपुर. जशपुर में स्कूली छात्रा के साथ गैंग रेप पर कांग्रेस ने आक्रोश जताया है। उसने कहा कि प्रदेश में महिलाएं और बच्चियां सुरक्षित नहीं हैं। राज्य में लगातार ऐसी घटनाएं हो रही हैं। मीडिया विभाग के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा कि सरकार महिलाओं के अनुकूल माहौल बनाने में असफल रही हैं। हर दिन बलात्कार व दूसरे दिन सामूहिक बलात्कार हो रहे हैं। पुलिस खामोश है। खासकर आदिवासी इलाकों जशपुर, बस्तर व सरगुजा में स्थिति बुरी है। 5 सालों में हजारों लड़कियां गायब हो चुकी हैं। प्रदेश के बाहर भी उनका शोषण हो रहा है। आखिर जशपुर, सरगुजा व बस्तर पुलिस के नक्शे में है भी या नहीं?

मामले की जांच के लिए पार्टी ने बनाई समिति

मामले की जांच के लिए कांग्रेस ने समिति बना दी है। प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल ने इसे कहा है कि तत्काल वहां जाकर जांच करें व रिपोर्ट दें। समिति की संयोजक जशपुर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष आरती सिंह होंगी। सदस्य गजेंद्र जैन, शेखर त्रिपाठी, पवन अग्रवाल, अब्राहम तिर्की, हीरूराम निकुंज, किरण कांति सिंह, उर्मिला सिंह भगत हैं।