महाष्टमी पर हुई शक्ति की भक्ति , मंदिरों में उमड़ा जनसैलाब

घर-घर हुआ कन्या भोज

अंबिकापुर

चैत्र नवरात्रि की अष्टमी पर भक्तों की श्रद्धा परवान पर रही। हजारों की संख्या में पहुंचे भक्तों ने नगर के प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां महामाया मंदिर में श्रद्धा अर्पण किया और भक्तों के द्वारा प्रज्जवलित किये गये मनोकामना ज्योति कलश का दर्शन किया। भक्तों की अपार भीड़ तड़के से ही मंदिरों की ओर हो रही थी। मां दुर्गा शक्तिपीठ, मां काली मंदिर शंकरघाट, मां समलाया मंदिर, मां वनेश्वरी देवी सांड़बार, मां गायत्री मंदिर, मां काली मंदिर चोपड़ापारा, संत हरकेवल मंदिर के अलावा सूरजपुर जिला अंतर्गत आनेवाले कुदरगढ़ धाम में लाखों भक्त दर्शन के लिये पहुंचे। लम्बी कतारों के बीच भक्तों की श्रद्धा उमड़ी। मंदिरों में सेवक व पूजन समिति के कर्ताधर्ता भक्तों को किसी प्रकार की परेशानी न होने पाये इसका ख्याल रख रहे थे। मातारानी के दरबार में भक्तों की ओर से भण्डारा प्रसाद का वितरण भी किया गया।

रामनवमी
रामनवमी की पूर्व संध्या पर नगर के श्रीराम मंदिर भजनाश्रम से भगवान श्रीराम की भव्य शोभायात्रा निकली। महिलाएं सिर पर कलश लेकर चल रही थीं। श्रीराम मंदिर में भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव की तैयारी पूरी कर ली गई है। शुक्रवार को श्रीराम जन्मोत्सव का आयोजन किया जायेगा। सुबह से ही धार्मिक अनुष्ठान आरम्भ हो जायेगा। मंदिर का कपाट सुबह से ही बंद कर दिये जायेंगे जो श्रीराम जन्मोत्सव के समय 12 बजे भये प्रकट कृपाला की गूंज के साथ रामलला के दर्शन के लिए खोल दिया जायेगा। इस दौरान श्रद्धालुओं के भजन-कीर्तन की गूंज के बीच लोग मंत्रमुग्ध रहेंगे, वहीं नगर के सभ्रांतजनों की ओर से गरीबों को नारायण भोज प्रतिवर्ष की भांति कराया जायेगा।